संजना पार्क: झूठे वादे कर बेचे प्लॉट, मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने से रहवासी परेशान

कॉलोनाइजर पर दण्डात्मक कार्यवाही की रहवासियों ने की मांग

बडऩगर (अजय राठौड़), अग्निपथ। खुद का आशियाने की चाह रखने वालों को अर्धविकसित कॉलोनी में झूठे वादे कर कॉलोनाइनजर प्लॉट तो बुक करा देते हैं लेकिन लंबे समय तक उन्हें मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिलती है। शहर की संजना पार्क कॉलोनी के रहवासी कॉलोनाइजर की वादाखिलाफी के कारण परेशान हैं। उन्होंने अपनी पीड़ा प्रशासन तक भी पहुंचाई लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।

संजना पार्क कॉलोनी के लोगों के मुताबिक बिजली, पानी, ड्रेनेज लाइन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी पूरी तरह से विकसित नहीं हो पाई हैं। इतना ही नहीं बीते सात दिनों से कॉलोनी की स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन भी कट गया है। रहवासियों ने बताया कि कॉलोनाइजर ने जिन सुविधाओं का वादा किया था उनके अभाव में हमें परेशान तो हैं ही इस बीच प्रताडि़त करने के लिए स्ट्रीट लाइट के बिल का भुगतान नहीं किया। जिसके चलते विद्युत विभाग द्वारा स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन काट दिया गया है। इस बाबत एक ज्ञापन कॉलोनीवासियों ने अनुविभागीय अधिकारी को दिया व संभावित अप्रिय घटना, जनधन हानि आदि के बारे में सचेत करते हुए स्ट्रीट लाइट चालू करने की मांग की है। कॉलोनीवासियों ने कॉलोनाइजर द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के अभाव से अवगत कराते हुए एसडीएम के द्वार पहुंच कर गुहार लगाई है। जिसमें कॉलोनाइजर के बारे में लिखित में शिकायत प्रस्तुत करते हुए कहा गया कि कालोनाईजर अरूण शर्मा, पसंद बाकड़ा द्वारा संजना पार्क कॉलोनी का सम्पूर्ण विकास करने का झूठा आश्वासन देकर शासन के दिशा-निर्देशों की अवहेलना कर उक्त कॉलोनी में भूखंड विक्रय किये गये। जबकि कॉलोनी का सम्पूर्ण विकास आज तक नहीं हुआ है।

नपा को भी प्रस्तुत किये गलत तथ्य
लोगों का आरोप है कि कॉलोनाइजर द्वारा कॉलोनी का सम्पूर्ण विकास नहीं कर छलपूर्वक, नियमों के विपरीत शासन -प्रशासन एवं नगर पालिका को गलत तथ्य प्रस्तुत कर अनुमति प्राप्त की गई है। कॉलोनी की स्थाई सीमा का भी पता नहीं है। जिसकी भी जांच की जाने की मांग की गई है।

आर्थिक कमजोर वर्ग के लिए प्लॉट ही नहीं
शासन के नियमानुसार कमजोर आय वर्ग के व्यक्तियों के लिए कुछ प्लॉट भी आरक्षित किए जाना जरूरी है। रहवासियों का आरोप है कि संजना पार्क कॉलोनी में आर्थिक कमजोर वर्ग का एक भी भूखण्ड विक्रय नहीं किया गया है। इस संबंध में शासन को अंधेरे में रखा गया है। वहीं, कॉलोनी में बिजली, पानी, ड्रेनेज लाइन, बगीचा आदि का डायवर्सन नियमों एवं स्वीकृत नक्शे अनुसार विधिवत विकास नहीं हुआ है।

कलेक्टर तक लगाई गुहार
रहवासियों ने बताया कि हमारी समस्याओं और मूलभूत सुविधाएं न होने के बारे में मई में तत्कालीन एसडीएम को ज्ञापन दिया था। इसके बाद कलेक्टर तक गुहार लगाई जा चुकी है लेकिन अब कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

करें दंड- वसूलें फंड
सम्पूर्ण कॉलोनी डायवर्सन नियम, विकास अनुमति एवं विक्रय शर्तो एवं भूमि के पुराने एवं वर्तमान नक्शे आदि समस्त दस्तावेजों की विधिवत मौके पर जांच करवाई जाकर दंडात्मक कार्यवाई की जाए व फंड वसूली कर कॉलोनी का अधूरा विकास पूर्ण करवाए जाने की मांग कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से की है।

इनका कहना
हमने नियमानुसार सभी सुविधाएं मुहैया करा दी है। साथ ही संबंधित विभागों में भी कार्रवाई पूरी कर दी है। अब नगर पालिका की जिम्मेदारी है कि वह कॉलोनी में सुविधाएं उपलब्ध कराए।
-पसंद बाकड़ा, कॉलोनाइजर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

संभागायुक्त ने देखी बगैर मिट्टी से खेती की तकनीक

Wed Sep 8 , 2021
जावरा के ग्रामीण क्षेत्रों का कमिश्नर-कलेक्टर ने किया दौरा जावरा, अग्निपथ। ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे उज्जैन संभागायुक्त (कमिश्नर) संदीप यादव ने बुधवार को जावरा क्षेत्र के तालीदाना, कालूखेड़ा, रियावन और सेमलिया गांव का दौरा किया है। शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों के निरीक्षण करने पहुंचे कमिश्नर ने तालीदाना […]

Breaking News