हड्डी वार्ड में भर्ती मरीज के भोजन में निकली ‘इल्ली’

नवागत सिविल सर्जन को बदनाम करने का रचा गया षडय़ंत्र, फरियादी की जगह पूर्व सिविल सर्जन ने सीएस को अवगत कराया

उज्जैन, प्रबोध पाण्डेय, अग्निपथ। रविवार को जिला अस्पताल के हड्डी वार्ड में भर्ती मरीज के परिजन ने अस्पताल की भोजनशाला द्वारा प्रदाय भोजन में इल्ली मिलने की शिकायत की। इसके बाद फरियादी गायब हो गया, लेकिन वहां पर मौजूद पूर्व सिविल सर्जन ने अपने बयान दर्ज करवाए हैं। पूरा मामला सिविल सर्जन पद को लेकर हो रही उठापटक से जोडक़र देखा जा रहा है।

दोपहर 11.30 बजे के लगभग हड्डी वार्ड में भर्ती मरीज के पिता नारायण बोडाना निवासी घट्टिया ने उनको मिले भोजन में मूंग की दाल में इल्ली निकलने को लेकर पूर्व सिविल सर्जन डॉ. महेश मरमट को शिकायत की। डॉ. मरमट ने सिविल सर्जन डॉ. पीएन वर्मा को मामले से अवगत कराया, जिस पर उन्होंने खाद्य विभाग के उपसंचालक को सूचित कर भोजन के सेंपल लेने संबंधी पत्र लिखा।

थोड़ी ही देर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीएस देवलिया अपने अधीनस्थों सहित जिला चिकित्सालय स्थित भोजनशाला पहुंचे और उन्होंने उस थाली से मूंग की दाल, आलू-मटर की सब्जी, चपाती, चावल, सलाद आदि के सेंपल लिए। वहीं भोजनशाला में रखा हुआ सूखा अनाज जिसमें तुवर दाल, मंूग दाल, चावल, तेल, चायपत्ती सहित करीब 10 चीजों के सेंपल लेकर इसका पंचनामा बनाया। भोजनशाला प्रभारी केसरसिंह पटेल के हस्ताक्षर लेकर इसको जांच के लिए लैब भेज दिया।

आरोप लगाने वाला हो गया गायब

जानकारी के अनुसार हड्डी वार्ड में भर्ती मरीज के पिता नायण बोडाना ने भोजनशाला प्रभारी केसरसिंह पटेल से शिकायत करते हुए कहा कि विगत तीन दिन से भोजन में इल्ली निकल रही है। आज भी मूंग की दाल में इल्ली निकली है। श्री पटेल ने उनसे पूछा कि आपने पहले शिकायत दर्ज क्यों नहीं करवाई तो वह निरुत्तर हो गया। लेकिन वहां पर इलाज करने आए डॉ. महेश मरमट ने इसको गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन डॉ. वर्मा को इसकी शिकायत कर दी। आरोप लगाने के बाद श्री बोडाना वहां से मरीज सहित गायब हो गया।

सिविल सर्जन को बदनाम करने का षडय़ंत्र

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार हाल ही में नवागत सिविल सर्जन डॉ. पीएन वर्मा ने पदभार ग्रहण किया है। सिविल सर्जन पद को हथियाने के लिए जिला चिकित्सालय में कई दावेदार सक्रिय हैं, जोकि उनके पदस्थ होने से नाखुश हैं। वह किसी भी तरह से डॉ. वर्मा को इस पद से अपदस्थ करना चाहते हैं। अस्पताल के कर्मचारी इसको इसी से जोडक़र देख रहे हैं। जानकारी तो यह भी है कि सिविल सर्जन पद को हथियाने के लिए कुछ डॉक्टर सत्तापक्ष का सहारा लेकर काबिज होने के प्रयास में हैं।

भोजनशाला में रखा अनाज चैक किया

खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री देवलिया ने वहां पर रखा सूखा अनाज मीडिया के सामने चैक किया तो सभी अच्छी क्वालिटी के पाए गए। मरीज को प्रदाय दाल में जिस सफेद चीज को इल्ली बताया जा रहा है, वह चावल और उबली हुई सफेद दाल प्रतीत हो रही थी। श्री देवलिया ने वहां पर शाम के लिए बन नहीं तुवर दाल को भी चैक किया।

मामले में जांच चल रही है। आगे जो भी दोषी पाया जाएगा, कार्रवाई की जाएगी। – डॉ. पीएन वर्मा, सिविल सर्जन

मूंग की दाल सहित अन्य रखे सूखे अनाजों के भी सेंपल लिए गए हैं, जोकि जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। – डीएस देवलिया, खाद्य सुरक्षा अधिकारी

जिला और चरक अस्पताल में प्रतिदिन 400 से अधिक भोजन की थालियां प्रदाय की जाती हैं, लेकिन आज तक किसी में भी इल्ली नहीं निकली है। – केसरसिंह पटेल, भोजनशाला प्रभारी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बैंक अधिकारी बन महिला के 84 हजार दूसरे खाते में ट्रांसफर किए

Sun Dec 20 , 2020
सीवीवी नंबर पूछकर बनाया शिकार, केस दर्ज उज्जैन, अग्निपथ। सेठीनगर की महिला को अज्ञात महिला ने बैंक अधिकारी बन फांसा और उसके खाते से 84 हजार रुपए दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए। पीडि़ता की कार्रवाई से 42 हजार रुपए तो वापस मिल गए। शेष राशि नहीं होने मिलने पर […]

Breaking News