1 करोड़ 62 लाख से बनेगी वैदिक घड़ी

जीवाजीराव वेधशाला में शुरू हुआ निर्माण-उच्च शिक्षा मंत्री ने किया भूमिपूजन

उज्जैन, अग्निपथ। जयसिंहपुरा स्थित वैधशाला में रविवार से वैदिक घड़ी के निर्माण की शुरूआत हो गई है। रविवार को भूमिपूजनन के साथ ही निर्माण शुरू कर दिया गया है। वैधशाला के निर्माण के बाद यह दूसरा मौका है जब यहां कोई बड़ा यंत्र स्थापित किया जा रहा है।

जीवाजीराव वैधशाला में 1 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली वैदिक घड़ी(क्लॉक टॉवर) के निर्माण के लिए रविवार सुबह उच्चशिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव ने भूमिपूजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर मुकेश टटवाल ने की। इस दौरान नगर निगम आयुक्त रोशन कुमार सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी, विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक डॉ.श्रीराम तिवारी, स्थानीय पार्षद भारती विजय चौधरी, एमआईसी सदस्य दुर्गा शक्तिसिंह चौधरी, वेधशाला के अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद गुप्त एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा नागरिक मौजूद थे।

दुनियाभर में सुर्योदय का समय बताएगी यह घड़ी

जीवाजीराव वैधाशाला में बनकर तैयार होने वाली घड़ी वैदिक काल गणना के सिद्धांतों के आधार पर स्थिर होगी। प्रतिदिन सूर्योदय में होने वाले परिवर्तन तथा देश और दुनिया में अलग अलग स्थानों पर अलग अलग समय पर होने वाला सूर्योदय भी सिंक्रोनाइज होगा। वैदिक घड़ी की एप्लिकेशन में विक्रम पंचांग भी समाहित रहेगा, जो प्रतिदिन सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त, विक्रम संवत मास, ग्रह स्थिति, योग, भद्रा स्थिति, चंद्र स्थिति, पर्व, शुभाशुभ मुहूर्त, नक्षत्र, जयंती, व्रत, त्योहार, चोघडिय़ा, सूर्यग्रहण, चंद्रग्रहण, प्रमुख अवकाश, आकाशस्य ग्रह, नक्षत्र, धूमकेतु आदि ज्योति:स्वरूप पदार्थो का स्वरूप, संचार, परिभ्रमण, कालग्रहण आदि घटनाओं का निरूपण, तिथि वार, नक्षत्र, योग, करण, आदि की विस्तृत जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायेगी।

टॉवर पर लगेगा टेलिस्कोप

वैदिक घड़ी का निर्माण पूरा होने के बाद इसके ऊपर टेलीस्कोप भी लगाया जायेगा, जिससे रात्रि में आकाश में होने वाली खगोलीय घटनाओं का नजारा लोग देख सकेंगे। उच्चशिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन धार्मिक नगरी तो है ही लेकिन यहां शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में भी विकास के कार्य निरन्तर किये जा रहे हैं। धार्मिक केन्द्र के साथ-साथ उज्जैन ज्ञान-विज्ञान का केन्द्र भी बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सभी चिकित्सा पद्धति के डॉक्टरों का संकल्प हम सब मिलकर कार्य करेंगे

Sun Nov 6 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। रोगी को स्वस्थ करने के लिए उज्जैन में चिकित्सा ने संकल्प लिया कि वह एक होकर मरीजों का हर संभव सफल इलाज करेंगे ताकि वह हमेशा स्वस्थ्य जीवन व्यतीत कर सके। इस युग में सही तरीके से रहन-सहन, खान-पान नहीं होने की वजह से ही ब्लड प्रेशर, शुगर, […]

Breaking News