सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ एडवेंचर फेस्ट का शुभारंभ

मलखंब पर पहलवानों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
योग साधकों ने जटिल व्यायाम व योग क्रिया की दी प्रस्तुति

देवास, अग्निपथ। इंदौर-भोपाल बायपास पर स्थित शंकरगढ़ की पहाड़ी पर शनिवार से पांच दिवसीय एडवेंचर फेस्ट की शुरुआत विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ हुई। इस दौरान मलखंब, कराते, कथक नृत्य, योग आदि की प्रस्तुति ने मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया। यहां 16 मार्च तक विविध मनोरंजक गतिविधियों का लुत्फ शहरवासी उठा सकेंगे।

नगर निगम द्वारा आयोजित किए जा रहे एडवेंचर फेस्ट की शुरुआत योगासन से हुई। योग साधकों ने जटिल व्यायाम और योग क्रिया की प्रस्तुति देते हुए जीवन में योग का महत्व बताया। इसके साथ ही शाजापुर की मलखंब टीम के पहलवानों ने मलखंब पर शारीरिक गतिविधियों से हैरत अंगेज प्रस्तुति दी। इसी प्रकार देवास जिला कराते संघ के बालक-बालिकाओं ने कराते के माध्यम से आत्मनिर्भरता के ुगुर सिखाए। छोटे बच्चों ने कराते की अलग-अलग प्रक्रिया दिखाते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम के दौरान घुंघरू डांस एकेडमी की अनुष्का जोशी एवं मुस्कान गोस्वामी ने कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर महेंद्रसिंह कवचे, एसडीएम प्रदीप सोनी, नगर निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान, डीएफओ पीएन मिश्रा, प्रेस क्लब अध्यक्ष अतुल बागलीकर, वरिष्ठ भाजपा नेता विष्णु मोदी, अर्जुन चौधरी, रामचरण पटेल, कांग्रेस नेता विक्रम पटेल, निगम सहायक यंत्री जगदीश वर्मा, सौरभ त्रिपाठी, मुशाहिद हन्फी, इंदुप्रभा भारती, पलक श्रीवास्तव, स्वास्थ्य निरीक्षक राजू सांगते, भूषण पंवार, ओमप्रकाश पथरोड़ सहित आशादीप स्कूल के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। संचालन आर.जे. नीतू ने किया।

मिट्टी से बर्तन बनाने की सीखी कला

प्राचीनकाल से कठपुतलियों का प्रदर्शन मनोरंजन का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। एडवेंचर फेस्ट में शामिल होने के लिए आए इंदौर के विनोद चौहान ने कठपुतलियों की उम्दा प्रस्तुति दी। एडवेंचर फेस्ट में आए शहरवासियों ने मिट्टी से कलात्मक बर्तन बनाने की कला भी सीखी। अंबाराम जी ने मिट्टी से सुंदर बर्तन बनाकर दिखाए।
सांस्कृतिक संध्या आज
13 मार्च को शाम 7 बजे कल्चरल नाइट का आयोजन किया जाएगा। जबकि 16 मार्च को समापन अवसर पर शाम 7 बजे से गायिका आंकाक्षा शर्मा का लाइव कन्सर्ट होगा। शंकरगढ़ पहाड़ी पर आने वाले नागरिकों और बच्चों के लिए फूड जोन, किड्स जोन एवं छोटा मेला बाजार भी लगाया गया है। इनमें बच्चों के पसंद के खिलौने, खेल सामग्री उपलब्ध है। झूले तथा स्वादिष्ट व्यंजन के साथ चाट-चौपाटी की व्यवस्था की गई है।

यहां से है आवागमन की सुविधा
एडवेंचर फेस्ट आयोजन स्थल पर जाने के लिए मुख्य बस स्टैंड, विकासनगर चौराहा व बालगढ़ मॉडल स्कूल चौराहा से सुबह 8 बजे से निरंतर सिटी बस का संचालन किया जा रहा है।

परिवार सहित आएं और लुत्फ उठाएं
नगर निगम आयुक्त विशालसिंह चौहान ने कहा कि निगम द्वारा स्वस्थ्य मनोरंजन के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। शंकरगढ़ की पहाड़ी पर शहरवासी पैरासेलिंग, जीप सफारी, जिपलाइन, रॉक क्लाइंबिंग, आर्चरी, टारगेट शूटिंग जैसी गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं। यहां निगम द्वारा फूड जोन, मनोरंजन के लिए गीत संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, म्यूजिकल नाइट एवं डांस का आयोजन भी किया जा रहा है। शहरवासी परिवार सहित यहां आए और प्राकृतिक वातावरण में विभिन्न गतिविधियों का लुत्फ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

रतलाम के जावरा में मानसिक रोगी पति ने पत्नी को मारा चाकू, बच्चों को भी जहर देकर मारा

Sun Mar 13 , 2022
रतलाम। रतलाम के जावरा में एक सिरफिरे व्यक्ति कि करतूत ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। इस शख्स ने ना केवल अपनी पत्नी पर चाकू से हमला किया बल्कि आशंका है कि उसने अपने दो बच्चों को भी ज़हर देकर मार दिया। आरोपी पति दिनेश चौहान फरार है ।जिसकी तलाश […]

Breaking News