संभागायुक्त गुप्ता ने राजस्व महाअभियान की समीक्षा बैठक
उज्जैन, अग्निपथ। संभागायुक्त संजय गुप्ता ने अपराह्न में प्रशासनिक संकुल भवन के द्वितीय तल स्थित सभाकक्ष में राजस्व महाअभियान 2.0 की संभागीय समीक्षा बैठक ली। संभागायुक्त ने संभाग के राजस्व अधिकारियों को बैठक में निर्देश दिये कि अपने-अपने जिलों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अविवादित नामांतरण, विवादित नामांतरण आदि के प्रकरणों का निराकरण करने में राजस्व अधिकारी यह कोशिश करें कि जिलों में उक्त प्रकरण जीरो टॉलरेंस में रहे।
उन्होंने निर्देश दिये कि प्रकरणों का निराकरण राजस्व न्यायालयों में शीघ्र-अतिशीघ्र करना सुनिश्चित करें। संभागायुक्त ने जिलेवार तथा जिलों की तहसीलवार समीक्षा की और निर्देश दिये कि अधिकारी कोशिश करें कि समय-सीमा के पूर्व प्रकरणों का निराकरण किया जाना सुनिश्चित करें। कोई भी अधिकारी बहाने न बनाये और समय-समय पर प्रकरणों के निराकरण की मॉनीटरिंग करें।
राजस्व महाअभियान के राजस्व प्रकरणों की संभागीय समीक्षा बैठक में बताया गया कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में उज्जैन संभाग प्रदेश में द्वितीय स्थान पर है। प्रथम स्थान पर भोपाल संभाग एवं तृतीय स्थान पर इन्दौर संभाग है। बैठक में बताया गया कि मंदसौर जिले में 69.18 प्रतिशत, शाजापुर में 68.95, उज्जैन में 68.28, नीमच में 66.75, रतलाम में 66.51, देवास में 62.76 और आगर-मालवा जिले में 49.96 प्रतिशत राजस्व प्रकरणों के निराकरण हुआ है। इसी तरह उज्जैन संभाग में 65.45 प्रतिशत राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया है।
संभागायुक्त गुप्ता ने बैठक में राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन जिलों की तहसीलों में राजस्व न्यायालयों में लम्बित प्रकरण होने पर सम्बन्धित अधिकारी को नोटिस जारी किया जाये। राजस्व प्रकरणों का निराकरण करने में सर्वोच्च प्राथमिकता तय की जाये। जिलों की तहसीलों में दक्ष आरआई का चयन कर पटवारी के साथ टीम बनाकर प्रकरणों का निराकरण कराया जाना तय किया जाये। जिलों की तहसीलों में आउटपुट आना चाहिये। उन्होंने निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का संभागीय मुख्यालय उज्जैन होने के कारण उज्जैन संभाग राजस्व प्रकरणों के निराकरण में हर हालत में प्रथम रहे, इस पर विशेष ध्यान दिया जाये। जिन जिलों में परफार्मेंस ठीक नहीं है, उन्हें नोटिस जारी किया जाये।
अविवादित नामांतरण के प्रकरणों का निराकरण करें
बैठक में संभागायुक्त ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि राजस्व महाअभियान 2.0 के अन्तर्गत आरसीएमएस पर अविवादित नामांतरण में शेष रहे प्रकरणों का निराकरण यथाशीघ्र किया जाये। बैठक में अवगत कराया गया कि अविवादित नामांतरण के प्रकरण उज्जैन संभाग में कुल लम्बित 12696 में से 6296 प्रकरणों का निराकरण कर दिया गया है, शेष 6400 प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में करना सुनिश्चित करें।
इसी तरह विवादित नामांतरण के संभाग में कुल 142 प्रकरणों में से 75 प्रकरणों का निराकरण किया जाकर शेष 67 प्रकरण लम्बित हैं। संभाग में अविवादित बंटवारा के 1396 लम्बित प्रकरणों में से 685 प्रकरणों का निराकरण कर शेष 711 प्रकरणों का निराकरण जल्द से जल्द करने के निर्देश संभागायुक्त ने राजस्व अधिकारियों को दिये। बैठक में बताया गया कि संभाग में विवादित बंटवारा के 42 प्रकरणों में से 12 प्रकरणों का निराकरण किया जाकर शेष 30 प्रकरण लम्बित हैं।