धार, अग्निपथ। धनतेरस को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। ग्राहकों की आमद से पूरे दिन बाजार में रौनक बिखरी। सोना, चांदी से लेकर बर्तन, ऑटो मोबाइल, कपड़े, फर्नीचर सहित अन्य दुकानों पर खूब भीड़ रही। लोग शुभ मुहूर्त में पसंद की वस्तुएं खरीदकर घर ले गए। एक दिन में करीब 15 करोड़ का कारोबार हुआ। इस स्थिति से व्यापारियों के चेहरे खुशी से खिल गए। आभूषण, बर्तन और ऑटोमोबाइल के बाजार में जबर्दस्त बूम देखने को मिला। इलेक्ट्रॉनिक आइटम, कपड़े, फर्नीचर व अन्य सामग्री की खरीदी ने इसे और ऊंचाई पर पहुंचा दिया। लोगों में सोने-चांदी व बर्तनों के बढ़े भाव का असर कहीं भी नजर नहीं आया।
दोपहर में मुख्य बाजार में पैर रखने की जगह नहीं थी। सुबह से शाम तक बाजार में – लोगों की भीड़ उमड़ी। खरीदी का सिलसिला रात तक जारी रहा मुख्य बाजार में त्योहार को लेकर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। यहां दोपहर बाद सडक़ पर पैदल चलने के लिए जगह कम पड़ गई धानमंडी, आनंद चौपाटी, जवाहर मार्ग, राजवाड़ा, हटवाड़ा, मंडी रोड, शनिगली और बोहरा बाखल मार्केट में चारों तरफ भीड़ ही भीड़ नजर आई। यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस को कड़ी मशक्कत करना पड़ी। वही यातायात प्रभारी प्रेमसिंह ठाकुर खुद मैदान संभालकर बाजार में मौजूद थे।
कैसा रहा बाजार
सराफा: सजी-संवरी दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। शुभ मुहूर्त में लोगों ने शगुन के तौर पर सोने-चांदी के सिक्के खरीदे। अन्य ज्वेलरी की भी खासी बिक्री हुई। एक दिन में ही शहर में लगभग 15 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। वही अणुश्री ज्वलेर्स संचालक विनित जैन ने अनुसार धनतेरस का दिन व्यवसाय के लिहाज से अच्छा साबित हुआ। ज्वेलरी व्यापारी मयंक जैन ने बताया कि लोगों में उत्साह देखा गया। पूजा-पाठ के लिए सोने-चांदी के सिक्कों के साथ डिजाइनिंग आभूषण को ग्राहकों ज्यादा हुई हैं।
बर्तन बाजार हुआ गुलजार: हर साल की तरह इस बार भी लोगों का रुझान बर्तनों की खरीदी की ओर ज्यादा रहा। चमचमाते बर्तनों से बिखरी चमक के बीच सुबह से शाम तक शहर में लाख का व्यापार हुआ। वर्तन विक्रेता ने बताया कि आज ग्राहकों की आमद अच्छी रही। बहुत से लागों ने पुराने बर्तन के बदले नए बर्तन खरीदे। शगुन के तौर पर तांबे और पीतल के बर्तनों की जमकर खरीदी हुई
इलेक्ट्रॉनिक्स : खरीदी की संभावना के मद्देनजर इलेक्ट्रॉनिक आइटम की दुकानें सजी रहीं। दिनभर में करीब लाख रुपए का कारोबार हुआ। इलेक्ट्रॉनिक आइटम के विक्रेता गुलाब लववंशी के मुताबिक रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, टीवी, वाटर प्यूरीफायर, एलसीडी, डीवीडी प्लेयर, डीटीएच आदि की जमकर बिक्री हुई। बिजनेस की दृष्टि से दिन शुभ रहा।
फर्नीचर की बढ़ी डिमांड: व्यवसाय के हिसाब से धनतेरस फर्नीचर विक्रेताओं के लिए अच्छी रही। दुकानों पर देर रात तक खरीदी के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा। दिनभर में करीब 15 लाख रुपए का कारोबार हुआ। फर्नीचर विक्रेता आशीष गोयल ने बताया कि मुख्य रूप से सोफासेट, डबल बेड, अलमारी, टीवी शोकेस, दीवान, डायनिंग टेबल के प्रति लोगों में रुझान रहा। पूरा दिन शुभ रहा।
ऑटोमोबाइल: धनतेरस ऑटो मोबाइल क्षेत्र के लिए लक्ष्मी बरसा गई। शहर में एक दिन में ही सैकड़ो से अधिक दो पहिया वाहनों की बिक्री हुई। सुबह से शाम तक करीब साढ़े 3 करोड़ रुपए का व्यवसाय हुआ। बाइक की बिक्री लोगो ने अपने हिसाब की वही मंगलवार होने से दिन मंगलकारी रहा। किसानों ने कृषि के लिए ट्रैक्टर खरीदे, व खेती के उपकरण की खरीदी की।
कपड़ा व्यापार में भी रहा उठाव: रेडीमेड कपड़ों के साथ गृह सज्जा उपयोग में आने वाले कुशन कवर, परदे, पिलो कवर, बेडशीट, सोफा कवर, साड़ी आदि की दुकानों पर विशेषकर महिलाओं की खासी भीड़ रही। वही नई कपड़ो कारोबार का आकलन भी अच्छा रहा है। वही कपड़ा व्यापारी कपिल आहूजा व अमीरदीप सौलंकी ने बताया कि दीपावली के त्यौहार होने से धनतेरस पर अच्छी खरीदी हुई।
पूजन सामग्री खरीदने के लिए उमड़ी भीड़
धनतेरस के दिन बाजार की सडक़ों पर रौनक दिखाई दी। पूजन सामग्री, फूल हार, दीपक, गन्ना, गुड़, धानी, पताशे, सजावटी सामान, झाडू, फल आदि सामान खरीदने पहुंचे लोगो ने सडक़ पर बैठे व्यापारियों से सामान खरीदा। बाजार में खरीदारों कि भीड़ देखकर व्यापारी भी उत्साहित नजर आए। त्योहार के चलते इन वस्तुओं के दाम सामान्य दिनों के मुकाबले 5 से 10 प्रतिशत अधिक रहे। इसके बावजूद खरीदी पर कोई असर देखने को नहीं मिला।