उज्जैन, अग्निपथ। पंवासा थाना क्षेत्र स्थित हरसोदन और पाटपाला के बीच बुधवार रात 9 बजे अज्ञात वाहन ने एक युवक को रौंद दिया। हादसे के बाद लोगों ने एंबुलेंस को कॉल किया। एंबुलेंस उसे लेकर अस्पताल पहुंची। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रात 10 बजे परिजनों को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने बताया ताजपुर का रहने वाला शेरू पिता रेहमान कुरेशी दिहाडी मजदूरी का काम करता था। बुधवार रात 8 बजे वह काम कर बाइक से अपने घर ताजपुर जा रहा था। इसी दौरान हरसौदन और पाटपाला के बीच पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया।
घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने डायल 100 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद एंबुलेंस पहुंची और युवक को अस्पताल लेकर आई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई लेकिन उपचार शुरू करने से पहले ही युवक की मौत हो गई। पुलिस ने उसके पास मिले मोबाइल फोन और परिचय पत्र के आधार पर उसकी पहचान कर परिजनों की घटना की सूचना दी। रात 10 बजे परिजन अस्पताल पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए मरच्युरी में रखवाया। गुरुवार सुबह मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बेटी के प्रेम विवाह से दुखी पिता ने उसकी बिदाई के बाद फांसी लगाकर की आत्महत्या
उज्जैन, अग्निपथ। घट्टिया के ग्राम पिपलिया में रहने वाले 55 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह अपनी बेटी के प्रेम विवाह से दुखी थे लेकिन उन्होंने बेटी की जिद्द के आगे झुककर पहले उसका विवाह उसके मनपसंद लडके से कर दिया। उसकी बिदाई की और तडके 4 बजेे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया ग्राम पिपलियाई में रहने वाले जगदीश पिता शांतिलाल जायसवाल उम्र 55 साल ने सुबह 4 बजे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की अचानक नींद खुली तो उन्होंने फंदे पर लटका देखकर शोर मचा दिया। आवाज सुनकर अन्य परिजन और पडोसी आ गए। मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और जगदीश को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर मृत्यु की पुष्टि की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि समीप के ग्राम के रहने वाले युवक से बेटी ने एक दिन पहले प्रेम विवाह कर लिया। इस विवाह के लिए जगदीश तैयार नहीं थे लेकिन बेटी की जिद और अन्य लोगों की समझाइश के बाद मान गए और मंगलवार दोपहर कोर्ट मैरिज कर शाम को बेटी को उसके पति के साथ विदा कर दिया।
इसके बाद वे तनाव में चले गए थे और किसी से बात नहीं कर रहे थे।जब परिजन सब सो गए तो तडके चार बजे वे उठे और फांसी लगा ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।