एक के पिता की भी दो साल पहने डूबने से मौत हुई थी
उज्जैन, अग्निपथ। तराना थाना क्षेत्र स्थित कालीसिंध नदी में डूबने से शुक्रवार को दो छात्रों की मौत हो गई। दोनों जामुन खाने का बोलकर घर से निकले थे। खास बात यह है कि एक छात्र के पिता की भी दो साल पहले नदी में डूबने से मौत हुई थी।
पुलिस ने बताया शुक्रवार दोपहर तराना के ग्राम बड़ी तिलवद के रहने वाले लकी उर्फ लोकेंद्र पिता श्याम सिंह राजपूत उम्र 17 वर्ष और रोहित पिता शंकर सिंह राजपूत उम्र 18 वर्ष 12 वीं कक्षा के छात्र थे। शुक्रवार को दोपहर में वे जामुन खाने का बोलकर घर से निकले थे। देर शाम को परिजनों को सूचना मिली कि दोनों छात्र कालीसिंध नदी में डूब गए हैं। दोनों छात्र जामुन खाने के बहाने नदी में नहाने चले गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
ग्रामीणों ने बचाने का प्रयास किया लेकिन वे क्षणभर में नदी की गहराई में समा गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और तैराकों की मदद से नदी की गहराई में छात्रों की तलाश शुरू की। नदी की गहराई ज्यादा होने की वजह से देर शाम तक छात्रों का कुछ पता नहीं चला। रात करीब 8 बजे दोनों छात्र नदी की गहराई में मिले।
पुलिस ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 12 का छात्र रोहित उसकी मां का एकमात्र सहारा था। दो साल पहले रोहित के पिता शंकर सिंह की भी नदी में डूबने से मौत हुई थी। मां खुद मजदूरी कर बेटे की पढ़ाई का खर्च उठाती थी।