कर्मचारियों की मांगें, निगम की मुश्किलें और जनता के मुद्दे!

नगर निगम

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन नगर निगम में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और निगम से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर सोमवार को एक अहम बैठक हुई। निगम मुख्यालय में आयुक्त आशीष पाठक ने कर्मचारी संघ के संरक्षक रामचंद्र कोर्ट और अन्य पदाधिकारियों से विस्तार से चर्चा की, जिसमें कई ज्वलंत समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पँवासा मल्टी में खाली फ्लैट्स पर कब्ज़े और कर्मचारियों को आवंटन का मुद्दा

कर्मचारी संघ ने आयुक्त को बताया कि मक्सी रोड स्थित पँवासा मल्टी में पिछले 4-5 सालों से करीब 110 फ्लैट खाली पड़े हैं। इसके अलावा, असामाजिक तत्वों ने इन फ्लैट्स पर अवैध कब्ज़े कर रखे हैं। इस गंभीर मुद्दे पर आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तत्काल पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर अवैध कब्ज़े वाले फ्लैट्स को खाली कराया जाए। साथ ही, कर्मचारी संघ ने यह भी मांग की कि निगम की आय बढ़ाने और कर्मचारियों को आवास उपलब्ध कराने के लिए इन खाली फ्लैट्स को नगर निगम कर्मचारियों को आवंटित किया जाए।

सफाई कर्मचारियों के लिए मेडिकल सहायता और लंबित NPS पर चर्चा

बैठक में सफाई कर्मचारियों के लिए आकस्मिक चिकित्सीय सहायता राशि का मुद्दा भी उठा। आयुक्त ने निर्देश दिए कि एक समिति बनाकर ज़रूरतमंद कर्मचारियों को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए चिकित्सा राशि उपलब्ध कराई जाए और सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाए।

इसके अलावा, निगम कर्मचारियों के NPS (नेशनल पेंशन सिस्टम) राशि जमा करने में आ रही विसंगतियों पर भी चर्चा हुई।

स्वास्थ्य विभाग और बुनियादी सुविधाओं पर भी दिए गए निर्देश

  • सेनेटरी इंस्पेक्टरों की पदस्थापना: स्वास्थ्य विभाग में जिन कर्मचारियों ने सेनेटरी इंस्पेक्टर का डिप्लोमा किया है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सेनेटरी इंस्पेक्टर के पदों पर पदस्थ करने की मांग की गई।
  • वाहन पार्किंग और पेयजल: निगम मुख्यालय परिसर में कर्मचारियों और नागरिकों के लिए सुव्यवस्थित वाहन पार्किंग और पेयजल हेतु RO वाटर फिल्टर प्लांट लगाने सहित अन्य मांगों पर भी चर्चा हुई, जिस पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, अपर आयुक्त (वित्त) पुनीत शुक्ला, उपायुक्त योगेंद्र पटेल, संदेश गुप्ता, मनोज मौर्य, आरती खेडेकर, अधीक्षण यंत्री संतोष गुप्ता, कर्मचारी संघ अध्यक्ष पवन व्यास, उपाध्यक्ष मनसुख मेहरवाल, पदाधिकारी रमेश रघुवंशी, चंदगी राम टांकले, नितिन मुसले, संदीप कलोसिया, शैलेश नागर, रमेश निगम और संघ के सदस्य उपस्थित रहे।

Next Post

नागदा: साधु-साध्वियों के लिए बनेगा नया विहारधाम, नागदा निवासी जैन परिवार ने दान की भूमि!

Mon Jun 23 , 2025
नागदा, अग्निपथ। नागदा जंक्शन निवासी श्रीमती पुष्पा पंकज जैन (नेताजी) और मनोहर वाटिका (नेमीनाथ वेयरहाउस, लुसड़ावन फाँटा) परिवार की पुण्य भावना से खाचरौद और भाटपचलाना के बीच साधु-साध्वी भगवंतों के लिए एक नए विहारधाम का निर्माण होने जा रहा है। कठिन विहार मार्ग होगा सुगम खाचरौद और भाटपचलाना के बीच […]