दो सडक़ हादसों में महिला सहित 3 की मौत

उप्र की बस पलटी, 25 यात्री घायल, यात्रियों ने कहा नशे में था बस चालक

शाजापुर, अग्निपथ। रविवार अलसुबह दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। जबकि 25 यात्री घायल हो गए। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर बस बेकाबू होकर पलट गई। इधर शाजापुर-आगर मार्ग पर दो कार की आमने-सामने भिड़ंत में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई।

पहला हादसा सुनेरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर अभयपुर गांव के पास गुजरात के जामनगर से दतिया के इंदरगढ़ जा रही तेज रफ्तार बस सडक़ किनारे पलट गई। हादसे में गायत्रीबाई पति ओमप्रकाश निवासी अकबरपुर (यूपी) की मौत हो गई। जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से बस से घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायल दतिया, शिवपुरी और उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं।

यात्री फिरोज खान ने बताया कि बस खचाखच भरी थी। ड्राइवर शराब के नशे में धुत था। बस स्टाफ रास्ते में आपस में विवाद कर रहा था। बस धीरे चलाने के लिए भी ड्राइवर से कहा था, लेकिन उसने नहीं सुना। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

सडक़ पर जाम, क्रेन की मदद से हटाई बस

एडिशनल एसपी घनश्याम मालवीय ने बताया कि जानकारी मिलते ही एसडीओपी, एसडीएम, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी और यातायात पुलिस मौके पर पहुंच गए। क्रेन की मदद से बस को हाईवे से हटाया गया। हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई थी। यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया। बस में सवार ज्यादातर यात्री मजदूरी करने वाले थे, जो जामनगर से अपने गृह क्षेत्र लौट रहे थे।

दो कारों की भिड़ंत में दो लोगों की मौत

रविवार रात को ही शाजापुर-आगर मार्ग पर ग्राम कतवारिया के पास दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में दोनों कार चालकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान किसान मांगीलाल शर्मा निवासी डोंगरगांव और वाहिद खां निवासी ग्राम दुपाड़ा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मांगीलाल सब्जी लेकर मारुति अल्टो कार से शाजापुर मंडी आ रहे थे। जबकि वाजिद खां बलेनो कार से शुजालपुर से घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें सडक़ से उछलकर अलग-अलग दिशाओं में जा गिरीं। स्थानीय ग्रामीणों ने फौरन पुलिस को सूचना दी। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दुपाड़ा चौकी प्रभारी अंकित इटोदिया ने बताया कि मृतक वाजिद के खिलाफ जानलेवा हमला, लूट की धाराओं में केस दर्ज हैं। 12 अगस्त को उसे एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत जेल भेजा गया था। 16 सितंबर को ही हाईकोर्ट से जमानत हुई थी।

Next Post

आरटीओ ने यात्री बनकर की बस की जाँच; किराया अधिक लेने पर थाने में खड़ी कराई बस

Sun Sep 21 , 2025
धार, अग्निपथ। परिवहन विभाग ने सडक़ सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए दो सप्ताह का विशेष अभियान शुरू किया है, जिसके तहत आरटीओ (क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी) हृदयेश यादव खुद यात्री बनकर बसों की जाँच कर रहे हैं। हाल ही में, इंदौर से धार की एक बस में यात्रियों से अधिक […]

Breaking News