उज्जैन, अग्निपथ। राज्य शरीर सौष्ठव संस्था मध्य प्रदेश मुख्यालय उज्जैन की महिला बॉडीबिल्डर वंदना ठाकुर ने वल्र्ड बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर तिरंगा लहराया।
उक्त खेल आशय की जानकारी प्रदान करते हुए राज्य शरीर शरीर सौष्ठव संस्था मध्य प्रदेश के चेयर मेन प्रेम सिंह यादव, पूर्व मिस्टर इंडिया, राज्य इकाई के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह कुशवाह, राष्ट्रीय निर्णायक शैलेंद्र व्यास स्वामी मुस्कुराके ने बताया कि इंडोनेशिया के बॉटम शहर रियाऊ प्रांत में 11 से 17 नवंबर तक पुरुष एवं महिला वल्र्ड बॉडीबिल्डिंग एंड फिजिक चैंपियनशिप का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
उक्त स्पर्धा में वंदना ठाकुर ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए बाइसेप्स, ट्राइसेप्स, एब्डोमिनल, बेक, फ्रंट, थाई, कॉफ आदि मसल्स में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए संपूर्ण वल्र्ड में नंबर वन का खिताब हासिल करते हुए गोल्ड मेडल जीता एवं भारतीय तिरंगे को शान से लहराया। नारी शक्ति की आयरन लेडी वंदना ठाकुर की गौरव मयी उपलब्धि पर संपूर्ण मध्य प्रदेश के खेल क्षेत्र में हर्ष व्याप्त है।
