भोपाल रोड पर दर्दनाक हादसा: टोल नाके के कर्मचारी की मौत

दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

देवास, अग्निपथ। शनिवार की शाम भोपाल रोड पर भौंरासा टोल नाके के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की असामयिक मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। इस घटना से उसके परिवार में मातम छा गया है।

हादसे का विवरण

जानकारी के अनुसार, मृतक संदीप जाट (27 वर्ष) सोनकच्छ थाना क्षेत्र के ग्राम बावई का निवासी था। वह भौंरासा टोल नाके से अपना काम खत्म कर शाम के समय अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संदीप गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे की सूचना मिलते ही टोल नाके की एम्बुलेंस की मदद से उन्हें तुरंत देवास जिला चिकित्सालय ले जाया गया। दुखद है कि वहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद संदीप जाट को मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

संदीप जाट टोल नाके पर वाहनों के लिए पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र) बनाने का काम करते थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक संदीप के परिवार में दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है। उनके पिता कृषक हैं।

पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। भौंरासा पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।