सांसद खेल महोत्सव शुभारंभ पर केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा
बदनावर, अग्निपथ। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर के मुख्य आतिथ्य में सोमवार को शासकीय नंदराम चौपड़ा विद्यालय परिसर में दो दिवसीय ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ का शानदार शुभारंभ हुआ। केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि आज देश के खिलाड़ी विश्वभर में अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन कर खिताब जीत रहे हैं। प्रधानमंत्री लगातार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं, जिससे खिलाड़ी भी दोगुनी मेहनत से देश का नाम विश्व में ऊंचा कर रहे हैं।
यह महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के सपने को साकार करने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार भी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और अंचल क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। केंद्रीय मंत्री ने ज़ोर दिया कि खेल से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, और युवाओं से खेलों को करियर के रूप में अपनाने का आह्वान किया।
पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने अपने संबोधन में कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली का सशक्त आधार हैं, जो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दो दिवसीय महोत्सव में विभिन्न शासकीय व निजी विद्यालयों के 14 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बालक व बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें कबड्डी, कुश्ती, खो-खो, एथलेटिक्स (100 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर), लंबी कूद, गोला फेंक, बैडमिंटन, फुटबॉल, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल आदि खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ खिलाड़ी चयनित होकर जिला स्तर पर विकासखण्ड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेडा, पूर्व राज्यमंत्री राजेश अग्रवाल व महेंद्रसिंह पिपलीपाड़ा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सोमानी, नगर परिषद अध्यक्ष मीना यादव सहित अन्य गणमान्य अतिथि मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पंकज जायसवाल ने किया। महोत्सव का समापन मंगलवार शाम को होगा।
