आधे घंटे तक एएसपी कार्यालय के बाहर चला हंगामा
उज्जैन, अग्निपथ। पुलिस कंट्रोल रूम परिसर स्थित एएसपी कार्यालय पर बुधवार दोपहर एक युवती अपने प्रेमी का कॉलर पकडक़र ले आई। युवती का आरोप था कि 5 साल के रिलेशनशिप के बाद अब प्रेमी उसे नजरअंदाज कर किसी दूसरी लडक़ी से बात कर रहा है एवं उसे धोखा दे रहा है।
युवती ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से युवक के साथ रिश्ते में है, लेकिन अब युवक उसे धोखा दे रहा है। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि युवक का भाई वकील है और उसे मामले को दबाने के लिए जान से मारने की धमकी दी जा रही है। सुरक्षा की गुहार लगाते हुए युवती ने पुलिस से न्याय की मांग की है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस जोड़े का यह पहला विवाद नहीं है। इससे पहले भी इनका मामला महिला थाने पहुंच चुका है, जहां दोनों के बीच सुलह हुई थी और भविष्य में विवाद न करने का लिखित समझौता भी हुआ था। हालांकि, समझौते के कुछ समय बाद ही विवाद फिर सडक़ पर आ गया। युवक संजय शर्मा निवासी ग्राम गुराडिय़ा थाना सुसनेर पेशे से किसान है।
युवक का कहना है कि वह शादी करना चाहता है और उसने कभी मना नहीं किया, लेकिन लडक़ी उससे मारपीट और अभद्रता करने लगी थी। इस कारण उससे दूरी बना ली थी। महिला थाना पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। इस घटना का मौके पर कुछ लोगों ने वीडियो भी बना लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। महिला थाना टीआई लीला सोलंकी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
