नलखेड़ा, अग्निपथ। तहसील क्षेत्र के ग्राम गुदरावन में पडाना मार्ग पर एक विधवा महिला की कृषि भूमि पर दबंग द्वारा जबरन कब्जा कर अवैध निर्माण करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता अपनी आजीविका के एकमात्र साधन को बचाने के लिए दर-दर भटक रही है। शनिवार को पीड़िता ने थाना नलखेड़ा पहुंचकर न्याय की गुहार लगाते हुए शिकायती आवेदन सौंपा है।
शिकायतकर्ता राजूबाई पति स्व. सिद्धनाथ निवासी गुदरावन ने बताया कि सर्वे क्रमांक 315 की भूमि उन्हें शासन द्वारा जीविकोपार्जन के लिए पट्टे पर दी गई थी। इसी भूमि पर खेती कर वह अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। आरोप है कि ग्राम ढाबला सोनगरा निवासी मांगू पिता उदा और उसके साथियों ने इस भूमि पर जबरन कब्जा कर लिया है और वहां निर्माण सामग्री डालकर नींव व ढांचा खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं।
राजूबाई का कहना है कि जब उन्होंने इस अवैध निर्माण का विरोध किया, तो आरोपी मांगू ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मां-बहन की गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से पीड़िता और उसका परिवार गहरे भय में है। पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि उसकी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। अब क्षेत्र की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है।
जिम्मेदार बोले:
थाना प्रभारी नागेश यादव का कहना है कि संबंधित बीट अधिकारी को निर्देशित कर मामले की जांच करवाई जा रही है। यदि कोई बलपूर्वक कब्जा कर रहा है, तो उसके विरुद्ध धारा 145 के तहत उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
