धार, अग्निपथ। धार में साइबर अपराधी ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम दौलतपुरा का है, जहाँ एक महिला को सस्ती ज्वेलरी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 16 हजार रुपये की चपत लगा दी। ठगी यहीं नहीं रुकी, अब आरोपी महिला को पुलिस के नाम पर डराकर और पैसों की मांग कर रहे हैं। शिकायत करने पर ठगों से धमकियां मिल रही हैं, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
विदेशी बनकर जाल में फंसाया
पीडि़ता ने थाना कोतवाली धार में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 10 फरवरी 2026 से पहले उसे मोबाइल नंबर 6393595970 एवं अन्य नंबरों से व्हाट्सऐप पर कॉल और मैसेज आए। फोन करने वाले ने अपना नाम मनोज कुमार सोलंकी बताया और खुद को इंग्लैंड का निवासी तथा इंटरनेशनल डिप्लोमैटिक वर्ल्ड वाइड शिपमेंट कंपनी से जुड़ा होना जाहिर किया।
आधे दाम का दिया लालच
आरोपी ने महिला को सोने के आभूषणों की तस्वीरें भेजकर उन्हें बाजार से आधी कीमत पर उपलब्ध कराने का प्रलोभन दिया। ठग की बातों में आकर महिला ने बताए गए अलग-अलग खातों जैसे मीरा देवी और सोहेल अहमद आदि में फोन-पे के माध्यम से कुल 16 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पैसे ऐंठने के बाद अब दे रहे धमकी
रकम वसूलने के बाद जब न तो ज्वेलरी पहुंची और न ही ठग ने सही जवाब दिया, तो महिला को ठगी का अहसास हुआ। संपर्क करने पर आरोपी ने अब 25 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी है। आरोपी अब पुलिस के नाम पर महिला को डरा रहे हैं। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
