रंगपंचमी पर सीएम के मंच से कुछ दूरी पर स्मोक स्काई शॉट पटाखे में धमाका, 8 लोग घायल हुए

लापरवाही बरतने पर इवेंट कर्मचारी सहित 3 के खिलाफ लापरवाही की धाराओं में केस दर्ज

उज्जैन, अग्निपथ। रंगपंचमी पर रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। सिंधी कॉलोनी के समीप श्रीकृष्ण सुदामा रंगोत्सव गेर में जिस मंच पर मुख्यमंत्री मौजूद थे उससे महज 15 फीट की दूरी पर स्मोक स्काई शॉट चाइनिज फटाके में बम जैसा धमाका हो गया। 8 से ज्यादा लोग इसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलसकर घायल हो गए। भारी भीड़ होने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।

घटना में एक बीजेपी मंडल अध्यक्ष और एक मीडियाकर्मी सहित 8 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी को निजी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया। जबकि दो गंभीर घायलों को इंदौर रैफर किया गया है। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। नीलगंगा थाना प्रभारी तरूण कुरील ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

जिस धमाके की बात की जा रही है वह चायना मेड मल्टी शॉट फायरवर्क था। इसे रिमोट के जरिए चलाया जाता है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है जिसमें इवेंट का काम करने वाले मुजीब नागौरी, शाकिर नागौरी और शाहनवाज निवासी शिकारी गली हैं। इनके खिलाफ गंभीर लापरवाही की धाराओं में केस दर्ज किया है।

चीख-पुकार मची, भगदड़ के हालात बने

घायल मीडियाकर्मी प्रशांत यादव ने बताया कि सुबह 11 बजे सिंधी कॉलोनी चौराहे से 200 मीटर पहले श्रीकृष्ण सुदामा गैर की शुरूआत होने वाली थी।रंग-गुलाल के साथ होली खेलने के लिए हजारों लोग वहां जमा थे। 10 मिनट बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वहां पहुंचे। उनका स्वागत चल रहा था। इसी बीच डिवाइडर के नजदीक जोरदार धमाका हुा। ब्लास्ट इतना तेज था कि कुछ पल के लिए आंखों के सामने अंधेरा छा गया। चारों तरफ धुआं फैल गया। लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। भगदड़ जैसे हालात बन गए।

धुआं कम हुआ तो देखा कि कईं लोग अपने कपड़ों में लगी आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे। कुछ झुलसी हालत में भीड़ से दूर भागे। जहां धमाका हुआ वहां सबसे करीब राजेंद्र भाटिया और वीरेंद्र आंजना थे। उनके हाथ पैर और चेहरे तक झुलस गए। दोनों को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रैफर किया गया। सेामवार शाम तक उनकी हालत स्थिर बनी हुुई थी। उपचार किया जा रहा है।

75 शॉट बारी-बारी से चलने थे लेकिन एक साथ चल गए

बताया जा रहा है कि जिस चायना मेड मल्टी शॉट फायरवर्क में धमाका हुआ। वह शादीब्याह में लगाया जाता है। इसमें बारी-बारी से शॉट चलते है और आकाश में रंग बिरंगी रोशनी करते हैं। इसमें 75 शॉट चलना थे लेकिन रंगपंचमी पर एक साथ कईं शॉट चल गए और धमाका हो गया। आमतौर में इसे बडे इवेंट में साफ खुली जगह में रखकर चलाते हैं लेकिन इवेंट मैनेजर ने इसे भीड़ में सडक़ पर रखकर चला दिया। धमाका एक साथ फूटने की वजह से हुआ।

निजी कंपनी को दिया था ठेका

एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि रंगोत्सव में गुब्बारे लगाए गए थे। जेसीबी से मुख्यमंत्री को माला पहनाने का कार्यक्रम भी रखा था। एहतियात के तौर पर गुब्बारे हटवा दिए गए। जेसीबी से मामला पहनाने का कार्यक्रम भी रोक दिया गया। इसी बीच किसी ने डिवाइडर के पाास आतिशबाजी कर दी। कार्यक्रम के इंतजाम नगर निगम के पास थे। जिसने एक निजी कंपनी को ठेका दिया था।

ये हुए घायल

  • वीरेंद्र आंजना बीजेपी मंडल अध्यक्ष, जमालपुरा
  • रघुवीर सिंह गोयल उम्र 61 वर्ष निवासी फाजलपुरा,
  • राजेंद्र भाटिया उम्र 57 साल निवासी अवंतिपुरा
  • देवेंद्र चौहान उम्र 38 वर्ष निवासी वसंत विहार कॉलोनी
  • जितेंद्र कीर निवासी महालक्ष्मी नगर
  • आशीष धोलपुरे निवासी महावीर बाग
  • प्रशांत यादव और गोपाल जाट

Next Post

भारत की जीत के जश्न में खलल, पटाखे फोडऩे की बात पर दो पक्ष भिड़े

Mon Mar 9 , 2026
महिलाओं सहित 10 से ज्यादा लोग घायल-राज रॉयल कॉलोनी में उज्जैन, अग्निपथ। आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की शानदार जीत का जश्न मनाने के दौरान खलल पड़ गया। खुशियाँ मनाते फटाके फोडने की बात पर दो पक्ष हथियार लेकर आमने सामने होकर भिड़ गए।रविवार रात 11 बजे राज रॉयल […]