सनकी युवक की अजीबोगरीब करतूत: पड़ोसन के अंतःवस्त्र चुराते पकड़ाया

बोला- ‘उससे एकतरफा प्यार करता हूँ’

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र में एक सनकी युवक द्वारा महिलाओं के अंतःवस्त्र (लेडीज अंडरगारमेंट्स) चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी की यह अजीबोगरीब हरकत पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जो दलील दी, उसे सुनकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।

सीसीटीवी फुटेज से खुला चोरी का राज

मिली जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय आरोपी अमित मालवीय अपने पड़ोस में रहने वाली एक महिला के घर के बाहर सूख रहे कपड़ों में से अंतःवस्त्र चोरी करता था। महिला पिछले कुछ समय से कपड़ों के गायब होने से परेशान थी। संदेह होने पर जब महिला ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए, तो सारा सच सामने आ गया। वीडियो में अमित साफ तौर पर अंतःवस्त्र चोरी कर अपनी पैंट की जेब में छिपाते हुए दिखाई दिया।

‘एकतरफा प्यार’ का अजीब दावा

टीआर्ई गजेंद्र पचौरी ने बताया कि वीडियो साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अमित ने बताया कि वह पड़ोस में रहने वाली महिला से एकतरफा प्यार करता है। उसने अपने सीने पर उस महिला के नाम का टैटू भी बनवा रखा है। वह महिला के प्रति अपनी दीवानगी के चलते इस तरह की हरकतें करता था।

पुलिस कर रही है मानसिक स्थिति की जांच

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी अमित मालवीय किसी मानसिक रोग से ग्रसित है या यह उसकी कोई आपराधिक प्रवृत्ति है। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर केस दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है।

Breaking News