धार, अग्निपथ। देशभर में गैस की किल्लत के बीच जिला प्रशासन ने अवैध कारोबारियों के विरुद्ध सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर धार के निर्देशन में खाद्य विभाग की टीम ने पीथमपुर में छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध गैस रिफिलिंग के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
डेयरी और किराना स्टोर पर खाद्य विभाग की दबिश
खाद्य विभाग की टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बगदुन रोड स्थित ‘जय श्री महाकाल किराना एवं दूध डेयरी’ पर घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा है। इस सूचना की पुष्टि होने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी, जहाँ दुकान मालिक विजय चौहान को अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
मौके से टीम ने 2 घरेलू गैस सिलेंडर, गैस रिफिलिंग पाइप, रेगुलेटर और नोजल जैसे उपकरण जब्त किए हैं। आरोपी दुकान मालिक विजय चौहान के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत वैधानिक प्रकरण दर्ज किया गया है। यह संयुक्त कार्रवाई जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीराम बरड़े, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राहुल मंडलोई एवं लक्ष्य पैट्रिक पीथमपुर की टीम द्वारा संपन्न की गई। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग या अवैध रिफिलिंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
