नलखेड़ा, अग्निपथ। जिले में पेट्रोल-डीजल, एलपीजी एवं सीएनजी की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग तथा अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कलेक्टर प्रीति यादव के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा ने विभिन्न अधिकारियों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपते हुए सतत निगरानी के आदेश जारी किए हैं।
इसके तहत अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो संपूर्ण समन्वय एवं निगरानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जारी आदेश के अनुसार, जिला एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को ईंधन की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर नियमित नजर रखने को कहा गया है। वहीं, सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों (एसडीएम) को अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कहीं भी कालाबाजारी या अनियमितता पाई जाती है, तो तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को भी स्थानीय स्तर पर जांच कर प्रतिवेदन संबंधित एसडीएम को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
घरेलू एलपीजी आपूर्ति की निगरानी हेतु बने कंट्रोल रूम
जिले में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने जिला एवं अनुभाग स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। नागरिक गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
जिला स्तरीय कंट्रोल रूम (अनुभाग आगर-बड़ौद):
एन. मुवेल, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी (मो. 9893888566)
अशोक कुंभकार, कंप्यूटर ऑपरेटर (मो. 7747018310)
अजय गवली, कंप्यूटर ऑपरेटर (मो. 9098789828)
अनुभाग सुसनेर-नलखेड़ा कंट्रोल रूम:
सुरेश गुर्जर, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी (मो. 9753150600)
संजय वर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर (मो. 9399497419)
राजपाल सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर (मो. 9589018591)
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर अपनी समस्याओं का त्वरित निराकरण प्राप्त कर सकते हैं।
