मंडी व्यापारी की टियागो कार एक मिनट में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई बदमाशों की करतूत

उज्जैन, अग्निपथ। शहर के चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मक्सी रोड स्थित कानीपुरा क्षेत्र की कॉलोनियों में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार देर रात बदमाशों ने एक बड़ी दुस्साहसपूर्ण वारदात को अंजाम देते हुए मंडी व्यापारी के घर के बाहर खड़ी टियागो कार पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बदमाशों की तेजी देखकर पुलिस भी हैरान है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात लगभग 2:55 बजे की है। रतन एवेन्यू में रहने वाले मंडी व्यापारी विकास अग्रवाल की टियागो कार घर के पास स्थित गार्डन के बाहर खड़ी थी। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो बाइकों पर सवार होकर पांच बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने इतनी फुर्ती दिखाई कि महज एक मिनट के भीतर कार को स्टार्ट किया और वहां से रफूचक्कर हो गए।

शातिर तरीके से दिया वारदात को अंजाम

व्यापारी विकास अग्रवाल ने बताया कि उनकी कार (क्रमांक एमपी 13 सीसी 5488) वर्ष 2019 मॉडल की थी। मंगलवार सुबह जब वे सोकर उठे और घर के बाहर अपनी कार नहीं देखी, तो उनके होश उड़ गए। तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें चोरी की यह सनसनीखेज वारदात सामने आई। फुटेज में बदमाश बेहद शातिर नजर आ रहे हैं, जिन्होंने कुछ ही सेकंड में कार का लॉक खोलकर उसे स्टार्ट कर लिया।

पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी फुटेज

चोरी की सूचना मिलते ही चिमनगंज मंडी थाना पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने क्षेत्र के लगभग 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच की है। फुटेज के आधार पर पुलिस का कहना है कि बदमाशों को कार लेकर कानीपुरा की ओर जाते हुए देखा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदेहियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। क्षेत्रीय रहवासियों में लगातार बढ़ रही इन चोरी की घटनाओं को लेकर भारी आक्रोश और डर का माहौल है।

Next Post

सिंहस्थ 2028 के लिए रेलवे की महातैयारी, महाप्रबंधक ने परखा विकास कार्यों का दम

Wed Mar 18 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। धर्मनगरी उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व की भव्यता और दिव्यता को देखते हुए पश्चिम रेलवे रत्नलाम मंडल ने अपनी कमर कस ली है। श्रद्धालुओं की भारी संख्या, सुगम यातायात और सुरक्षित रेल परिचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे बुनियादी ढांचे के विकास […]

Breaking News