बीच रास्ते से गायब हुआ 9 लाख रुपयों का गेहूं

नलखेड़ा के व्यापारी ने ट्रांसपोर्टरों पर जताया मिलीभगत का संदेह

नलखेड़ा,अग्निपथ। कृषि उपज मंडी के व्यापारिक जगत में उस समय हड़कंप मच गया, जब पंजाब के लिए भेजा गया गेहूं से भरा एक ट्रक रहस्यमयी तरीके से रास्ते से ही गायब हो गया। लगभग 9 लाख रुपयों की कीमत वाले इस अनाज के गंतव्य तक न पहुंचने पर पीड़ित व्यापारी ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायती आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। इस घटना ने एक बार फिर व्यापारियों की सुरक्षा और माल परिवहन की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

353 क्विंटल गेहूं लेकर निकला था ट्रक

नगर के प्रतिष्ठित गल्ला व्यापारी पुनीत कुमार कांठेड़, जो ‘पुनीत ट्रेडर्स’ के नाम से व्यवसाय करते हैं, ने शुक्रवार शाम थाना प्रभारी नागेश यादव को लिखित शिकायत सौंपी। आवेदन के अनुसार, 16 मार्च 2026 को उन्होंने एकता ट्रांसपोर्ट कंपनी, नलखेड़ा के माध्यम से ट्रक नंबर आरजे 52 जीए 1630 में 353 क्विंटल गेहूं लोड करवाया था। यह माल स्वास्तिक कॉरपोरेशन कोटा के माध्यम से राजपुरा, पंजाब भेजा जाना था। ट्रक 17 मार्च 2026 को नलखेड़ा से रवाना हुआ था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी माल पंजाब नहीं पहुंचा।

ट्रांसपोर्ट मालिकों की भूमिका पर गहराया संदेह

व्यापारी पुनीत कुमार ने बताया कि जब स्वास्तिक कॉरपोरेशन कोटा से उन्हें सूचना मिली कि ट्रक अब तक नहीं पहुंचा है, तो उन्होंने तत्काल एकता ट्रांसपोर्ट के मालिकों, उस्मान भाई और अनीस भाई से संपर्क किया। आरोप है कि ट्रांसपोर्टर इस मामले में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रहे हैं और न ही ट्रक की लोकेशन बता पा रहे हैं। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि गंतव्य तक सुरक्षित माल पहुंचाना ट्रांसपोर्ट कंपनी की जिम्मेदारी थी, लेकिन मालिकों के टालमटोल वाले रवैये से यह संदेह उत्पन्न हो रहा है कि इस अफरा-तफरी में उनकी भी मिलीभगत हो सकती है। गायब हुए गेहूं की कुल कीमत लगभग 8 लाख 96 हजार रुपये बताई जा रही है।

पूर्व में भी घट चुकी हैं ऐसी घटनाएं

थाने में आवेदन देते समय बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी भी पुनीत कुमार के समर्थन में पहुंचे। व्यापारियों का कहना है कि कृषि उपज मंडी से अन्य राज्यों में भेजा जाने वाला अनाज गायब होने का यह कोई पहला मामला नहीं है। पूर्व में भी ऐसी कई वारदातें हो चुकी हैं, जहां ट्रक चालक और गिरोह की मिलीभगत से व्यापारियों का लाखों का माल रास्ते में ही खुर्द-बुर्द कर दिया गया। बार-बार होती इन घटनाओं से मंडी व्यापारियों में भारी रोष और असुरक्षा का भाव व्याप्त है।

पुलिस जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

पीड़ित व्यापारी ने एकता ट्रांसपोर्ट के मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि ट्रक की लोकेशन ट्रेस करने और दोषियों का पता लगाने के लिए टीम सक्रिय कर दी गई है। फिलहाल, इस घटना ने मंडी क्षेत्र के अन्य ट्रांसपोर्टरों और माल भेजने वाले व्यापारियों को सतर्क कर दिया है।

Next Post

मौसम की बेरुखी: धार में बारिश और ओलों ने छिनी किसानों की मुस्कान

Sat Mar 21 , 2026
धार,अग्निपथ। मध्य प्रदेश के धार जिले में प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला है। गुरुवार से बदले मौसम के मिजाज ने शुक्रवार शाम होते-होते विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में छाई काली घटाओं और तेज गर्जना के साथ हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि ने अन्नदाता की साल भर […]

Breaking News