धार,अग्निपथ। जिला मुख्यालय से महज 4 किलोमीटर दूर तोरनोद और कालूखेड़ी क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से तेंदुए की मौजूदगी ने ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ा दी है। एक ओर जहां किसान बेमौसम बारिश के डर से जल्द फसल समेटना चाहते हैं, वहीं दूसरी ओर तेंदुए के डर से मजदूरों ने खेतों में कदम रखना बंद कर दिया है। शनिवार को खेतों में तेंदुए के ताजे पदचिह्न और खून के धब्बे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। वन विभाग की टीम ने अब मौके का मुआयना कर पिंजरा लगाने की तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस जवान पर कर चुका है हमला
तेंदुए का आतंक गुरुवार को उस समय और बढ़ गया जब गेहूं की कटाई के दौरान हार्वेस्टर के शोर से घबराकर वह एक खेत से दूसरे की ओर भागा। सूचना पर पहुंची नौगांव पुलिस और वन विभाग की टीम ने जब घेराबंदी की, तो तेंदुए ने नौगांव थाने के आरक्षक अनिल बीसी पर अचानक हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान डिप्टी रेंजर बबीता बघेल भी मौके पर मौजूद थीं। हमले के बाद तेंदुआ झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
ताजे पदचिह्न और शिकार के मिले संकेत
दो दिन बीत जाने के बाद भी तेंदुआ वन विभाग की पकड़ से बाहर है। शनिवार को तोरनोद के किसान सुनील उमरवाल के खेत में तेंदुए के बड़े पदचिह्न और ताजे खून के धब्बे देखे गए। इससे आशंका जताई जा रही है कि तेंदुए ने किसी मवेशी या जंगली जानवर का शिकार किया है। ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ काफी बड़े आकार का है और लगातार इसी क्षेत्र में मूवमेंट कर रहा है, जिससे जनहानि का खतरा बना हुआ है।
बेमौसम बारिश और तेंदुए की दोहरी मार
क्षेत्र के किसानों के सामने इस समय दोहरा संकट खड़ा है। एक तरफ आसमान से बरसती आफत ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है, वहीं दूसरी तरफ तेंदुए के डर से कटाई का काम पूरी तरह ठप होने की कगार पर है। किसान और मजदूर जान जोखिम में डालकर खेतों में जाने को तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि वन विभाग को उसी दिन पिंजरा लगाना चाहिए था जब हमला हुआ था, लेकिन विभाग की सुस्ती भारी पड़ सकती है।
वन विभाग ने शुरू की पिंजरा लगाने की कवायद
मामले की गंभीरता को देखते हुए धार डीएफओ ने टीम को मौके पर भेजकर मुआयना करवाया है। विभागीय कर्मचारियों का मानना है कि यह वही तेंदुआ हो सकता है जिसकी हलचल होली के दौरान खड़कमाल क्षेत्र में देखी गई थी। तेंदुए के मूवमेंट के आधार पर सटीक जगह का चयन कर पिंजरा लगाया जा रहा है। धार डीएफओ विजयनथम टी आर ने बताया कि टीम लगातार निगरानी कर रही है और जल्द ही तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा।
