उज्जैन में शतरंज का महाकुंभ: 5 साल के नन्हे सितारों से लेकर 90 वर्ष के बुजुर्गों तक ने बिछाई चौसर

पहले दिन 5 राउंड के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दी एक-दूसरे को मात

उज्जैन, अग्निपथ। धर्मधानी उज्जैन में आज से पहली बार ‘फर्स्ट जी. एच. रायसोनी मेमोरियल इंटरनेशनल फिडे रेटिंग रैपिड शतरंज टूर्नामेंट’ का भव्य शुभारंभ हुआ। बुद्धि और धैर्य के इस खेल में शहर के स्टैनफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल परिसर में बिछी चौसर पर देश-विदेश के मंझे हुए खिलाड़ियों ने अपनी चालों से प्रतिद्वंद्वियों को मात देने का सिलसिला शुरू किया। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन पांच राउंड के मुकाबले आयोजित किए गए, जिसमें 5 वर्ष के नन्हे बालक से लेकर 90 वर्ष के बुजुर्ग खिलाड़ी तक पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए।

दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ विधिवत शुभारंभ

शनिवार को प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि स्वामी परमानंद महाराज के सानिध्य में हुआ। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शतरंज कमेटी के पदाधिकारी और इंटरनेशनल मास्टर अक्षत खंपरिया, ग्रैंड मास्टर हिमांशु शर्मा, फिडे मास्टर प्रसन्नजीत दत्त, और ओरिएंटल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. सुनील सोमानी उपस्थित थे।

अतिथियों का स्वागत उज्जयिनी शतरंज संघ के अध्यक्ष संदीप कुलश्रेष्ठ और सचिव महावीर जैन द्वारा किया गया। प्रतियोगिता की शुरुआत अतिथियों द्वारा बिसात पर मोहरे चलकर की गई, जिसके बाद स्वामी परमानंद महाराज ने स्पर्धा के औपचारिक प्रारंभ की घोषणा की।

बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए शतरंज आवश्यक

समारोह को संबोधित करते हुए स्वामी परमानंद महाराज ने कहा कि हम जो जीवन जी रहे हैं, वह भी शतरंज की एक बाजी की तरह है, जिसे हमें बेहतर योजना और विवेक के साथ जीना चाहिए। इंटरनेशनल मास्टर अक्षत खंपरिया ने कहा कि उज्जैन में इस स्तर का आयोजन स्थानीय बच्चों के लिए अपनी रेटिंग सुधारने का सुनहरा अवसर है।

उन्होंने अभिभावकों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि शतरंज में परिणाम रातों-रात नहीं आते, इसलिए बच्चों का निरंतर हौसला बढ़ाते रहें। डॉ. सुनील सोमानी ने विश्वास जताया कि भारत जल्द ही विश्व में सर्वाधिक ग्रैंड मास्टर वाला देश बनेगा।

देश-विदेश के 250 से अधिक खिलाड़ी दिखा रहे कौशल

इस स्पर्धा में ग्रैंड मास्टर, फिडे मास्टर, इंटरनेशनल मास्टर और कैंडिडेट मास्टर सहित 250 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के 24 शहरों के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के खिलाड़ी शामिल हुए हैं।

विशेष आकर्षण के रूप में बेल्जियम से आए विदेशी मेहमान फैबियन ने भी उज्जैन की इस खेल भावना और आयोजन की जमकर प्रशंसा की। स्पर्धा में मुख्य निर्णायक (चीफ आर्बिटर) की भूमिका में आई. ए. कंचना चौधरी और उनकी महिला टीम मुस्तैदी से कमान संभाल रही हैं।

पहले दिन का परिणाम और कल का कार्यक्रम

प्रतियोगिता के पहले दिन 5 राउंड पूरे होने के बाद रोहतक के ग्रैंड मास्टर हिमांशु शर्मा, खंडवा के वैभव तोमर और कटनी के प्रखर बजाज 4-4 अंकों के साथ संयुक्त रूप से बढ़त बनाए हुए हैं। उज्जयिनी शतरंज संघ के अध्यक्ष संदीप कुलश्रेष्ठ ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा के विजेताओं के लिए कुल 2 लाख रुपये के नकद पुरस्कार रखे गए हैं।

साथ ही 80 आकर्षक ट्रॉफियां और मेडल भी प्रदान किए जाएंगे। रविवार सुबह 10 बजे छठे राउंड से खेल पुनः शुरू होगा, जबकि दोपहर 3:30 बजे अंतिम राउंड खेला जाएगा। शाम 5 बजे समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

Breaking News