इंदौर से जीरो पर कायम हुई एफआईआर
धार, अग्निपथ। जिले के सादलपुर थाना अंतर्गत ग्राम खेरोद में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और उसे गर्भपात की दवा खिलाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता की मां के अनुसार 22 मार्च 2026 को किशोरी को अत्यधिक रक्तस्राव होने पर उसे घबराहट होने लगी। संदिग्ध स्थिति देख जब मां ने कड़ाई से पूछताछ की, तो किशोरी ने आपबीती सुनाई।
पीड़िता ने बताया कि गांव के ही एक किशोर ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे। किशोरी के गर्भवती होने की आशंका होने पर आरोपी ने उसे कुछ दवाइयां लाकर खिला दीं, जिससे उसकी स्थिति बिगड़ गई और उसे गंभीर हालत में गर्भपात जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। किशोरी की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने पहले उसे धार जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ से डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया।
इंदौर के सेंट्रल कोतवाली थाना पुलिस ने अस्पताल में पीड़िता के बयान दर्ज किए और जीरो पर एफआईआर कायम कर डायरी संबंधित थाना सादलपुर को भेज दी। सादलपुर पुलिस ने प्राप्त डायरी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म, जानबूझकर गर्भपात कराने और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। चूंकि इस मामले में आरोपी और पीड़िता दोनों ही नाबालिग बताए जा रहे हैं, इसलिए पुलिस सभी वैधानिक पहलुओं को ध्यान में रखकर विवेचना कर रही है।
थाना प्रभारी सविता चौधरी ने बताया कि मामले में जीरो पर कायमी प्राप्त हुई थी, जिस पर सादलपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। वर्तमान में पीड़िता का इलाज जारी है और पुलिस मामले की हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है।
