भूखी माता मंदिर के पास युवक की गला घोंटकर हत्या, नग्न अवस्था में पुलिया के नीचे मिला शव

उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल थाना क्षेत्र स्थित भूखी माता मंदिर के समीप एक युवक की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने युवक की गला घोंटकर हत्या की और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को नग्न अवस्था में एक पुलिया के नीचे फेंक दिया। पुलिस को शव करीब एक दिन पुराना होने की आशंका है और फिलहाल मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

बेसुध अवस्था में मिला युवक, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि दोपहर के समय पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि भूखी माता क्षेत्र में एक युवक बेसुध अवस्था में पड़ा है। पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुँचकर निरीक्षण किया, तो युवक की मृत्यु हो चुकी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। मृतक के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था और वह पूर्णतः नग्न अवस्था में पाया गया। हालांकि, घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस को एक ग्रे रंग की पेंट और सफेद कुर्ता रखा हुआ मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाकर जांच शुरू कर दी गई है।

शू-लेस से घोंटा गला, सिर पर लगा है तिलक

प्रारंभिक जांच में मृतक के गले में जूते के फीते (शू-लेस) बंधे हुए मिले हैं। इसी आधार पर पुलिस आशंका जता रही है कि युवक की गला घोंटकर हत्या की गई है। सीएसपी राहुल देशमुख के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। युवक के माथे पर तिलक लगा हुआ है, जिससे उसके श्रद्धालु होने की संभावना भी जताई जा रही है। पुलिस ने आसपास के रहवासियों और राहगीरों से पूछताछ की, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा तैयार किया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आरोपियों तक पहुँचने के लिए तकनीक का सहारा ले रही है। घटनास्थल की ओर आने-जाने वाले सभी मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाया जा सके। साथ ही एफएसएल (FSL) की टीम ने भी बारीकी से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का मानना है कि जल्द ही मृतक की पहचान कर ली जाएगी, जिससे हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद मिलेगी।

Next Post

कर्ज के बोझ तले दबे युवक ने की आत्महत्या, पत्नी की साड़ी से बनाया फंदा

Tue Mar 31 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पद्मावती कॉलोनी में रहने वाले एक 34 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि युवक पिछले कुछ समय से भारी कर्ज के कारण मानसिक तनाव में था। मृतक की पहचान आशीष (34) पिता […]
उज्जैन पुलिस फाइल

Breaking News