उज्जैन : सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने गई राजस्व टीम पर हमला

सूचना मिलने पर पुलिस बल पहुंचा, 3 लोगों को किया अरेस्ट

उज्जैन, अग्निपथ। नागझिरी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम चंदेसरी में सरकारी जमीन पर काबिज अतिक्रमण हटाने गई राजस्व की टीम पर गुरुवार दोपहर अतिक्रमणकर्ताओं ने पथराव कर दिया। ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए टीम के साथ बदसलूकी और धक्कामुक्की की और जेसीबी पर पत्थर बरसा दिए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें अतिक्रमणकर्ता वहां मौजूद जेसीबी और प्रशासनिक टीम पर पथराव करते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए तीन लोगों पर कार्रवाई की है।

देवास रोड स्थित ग्राम चंदेसरी की घटना

देवास रोड स्थित ग्राम चंदेसरी में सरकारी जमीन सर्वे नंबर 536 की करीब 2 बीघा जमीन पर मोहन लाल और भारती द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया था। राजस्व विभाग द्वारा कई बार पटवारी और तहसीलदार के माध्यम से समझाइश दी गई थी, लेकिन जमीन खाली नहीं की गई। इस अतिक्रमण के कारण पास के खेत वालों की जमीन का रास्ता भी ब्लॉक हो गया था। शिकायत मिलने पर जब राजस्व अमला जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंचा, तो वहां विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।

जेसीबी पर बरसाए पत्थर, पुलिस ने दिखाई सख्ती

राजस्व टीम को देखते ही अतिक्रमणकारियों ने पहले विवाद किया और फिर अचानक अमले पर हमला बोल दिया। इस दौरान मोहन और उसकी पत्नी ने जेसीबी पर पत्थर फेंककर टीम को रोकने की कोशिश की। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हमला करने वाले तीनों आरोपियों को काबू में कर लिया और उन्हें थाने ले आई।

धारा 151 के तहत कार्रवाई, जमीन हुई मुक्त

नागझिरी पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और हंगामा करने के आरोप में तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस की मौजूदगी में राजस्व विभाग ने सरकारी जमीन को पूरी तरह अतिक्रमण से मुक्त करा लिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों और प्रशासनिक टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Next Post

लापरवाही बरतने वाली सीएचओ को सेवा से पृथक करने का प्रस्ताव, स्वास्थ्य कर्मियों का कटा वेतन

Thu Apr 2 , 2026
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने हेतु समीक्षा बैठक आयोजित उज्जैन, अग्निपथ। जिला स्तर पर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक 2 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अशोक […]

Breaking News