शाजापुर, अग्निपथ। उज्जैन में पदस्थ एक पुलिसकर्मी द्वारा शादी का झांसा देकर शिक्षिका के साथ कई वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। शुजालपुर के कालापीपल निवासी पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी राहुल गोयल के विरुद्ध दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल उज्जैन एसटीएफ में पदस्थ बताया जा रहा है। पीड़िता वर्तमान में उज्जैन जिले के ही एक शासकीय स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है और दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे।
अगस्त 2023 में पहली बार बनाया शिकार
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी और पीड़िता के गांव पास-पास होने के कारण उनकी पहचान लगभग छह वर्ष पुरानी थी, जो समय के साथ प्रेम संबंध में बदल गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अगस्त 2023 में जब उसकी जॉइनिंग का समय था, तब आरोपी उसे उज्जैन के क्षिप्रा विहार नागझिरी स्थित अपने कमरे पर ले गया। वहां उसने शादी का पक्का भरोसा दिलाकर पीड़िता की इच्छा के विरुद्ध पहली बार शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देकर उसे अपने पास बुलाता रहा और उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
दूसरी लड़की से शादी करने की तैयारी में आरोपी
जब शिक्षिका ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो आरोपी पुलिसकर्मी टालमटोल करने लगा। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने धीरे-धीरे उससे बातचीत कम कर दी और बाद में उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। इसी बीच पीड़िता को जानकारी मिली कि आरोपी किसी अन्य लड़की से विवाह करने की तैयारी कर रहा है। जब इस विषय में आरोपी से बात की गई, तो उसने शादी से साफ इनकार कर दिया और विरोध करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी
मामला गंभीर होने पर पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई और कालापीपल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। एसडीओपी निमिश देशमुख के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों के बीच बीते 5-6 वर्षों से प्रेम संबंध थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी के पुलिस विभाग में होने के कारण इस मामले ने स्थानीय स्तर पर काफी तूल पकड़ लिया है और पुलिस निष्पक्ष जांच का भरोसा दे रही है।
00000
