उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम मुख्यालय पर मंगलवार को मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक महापौर मुकेश टटवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में न केवल शहर के विकास से जुड़े दर्जनों एजेंडों को हरी झंडी दी गई, बल्कि अनुशासन और नगर निगम की संपत्तियों के दुरुपयोग को लेकर सख्त रुख अपनाया गया। बैठक के दौरान देवास रोड स्थित नगर निगम के तरणताल (स्विमिंग पूल) में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर द्वारा वीडियो बनाने का मामला गरमाया, जिस पर निगम आयुक्त अभिषेक मिश्रा ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
तरणताल की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: आयुक्त
बैठक में एमआईसी सदस्यों ने आपत्ति दर्ज कराई कि एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने देवास रोड स्थित तरणताल में नियमों को ताक पर रखकर वीडियो बनाया। इस पर संज्ञान लेते हुए निगम आयुक्त अभिषेक मिश्रा ने अपर आयुक्त संदीप शिवा को संबंधित इन्फ्लुएंसर के विरुद्ध तत्काल पुलिस प्रकरण (FIR) दर्ज करवाने के निर्देश दिए। प्रशासन का स्पष्ट मानना है कि सार्वजनिक संपत्तियों का उपयोग निजी प्रचार या अमर्यादित गतिविधियों के लिए करना स्वीकार्य नहीं है। साथ ही, तरणताल के नियमित और सुव्यवस्थित संचालन के प्रस्ताव को भी सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई।
निकाह योजना में गड़बड़ी की होगी जांच
बैठक में एमआईसी सदस्य शिवेंद्र तिवारी ने एक गंभीर मुद्दा उठाते हुए बताया कि मुख्यमंत्री निकाह योजना के अंतर्गत 12 मुस्लिम जोड़ों का विवाह योजना के निर्धारित स्थल के बजाय अन्यत्र स्थान पर कराया गया। इस पर महापौर मुकेश टटवाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए निगम आयुक्त को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों पर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन और लोकसभा में इसे बाधित करने वालों के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।
पेंशनरों को सौगात और विकास कार्यों की मंजूरी
बैठक में नगर निगम के कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में बड़े निर्णय लिए गए। 2 अप्रैल 2026 से पेंशनरों और परिवार पेंशनरों की महंगाई राहत में छठे वेतनमान में 5 प्रतिशत और सातवें वेतनमान में 3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ एरियर भुगतान को मंजूरी दी गई। कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी वृद्धि की स्वीकृति मिली।
बैठक में स्वीकृत अन्य प्रमुख बिंदु:
यूजर चार्जेस: पूरे शहर में उपभोक्ता प्रभार (यूजर चार्जेस) वसूलने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी।
नाला निर्माण: वार्ड क्रमांक 2 में बालाजी दूध डेयरी से वीर सावरकर चौराहे तक दोनों ओर आरसीसी नाला निर्माण स्थल परिवर्तन को स्वीकृति।
नवीन शौचालय: शहर के जर्जर शौचालयों को ध्वस्त कर स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत नए शौचालयों का निर्माण।
सड़क चौड़ीकरण और मुआवजा: गदा पुलिया से जयसिंहपुरा होते हुए लालपुल (भगत सिंह मार्ग) तक चौड़ीकरण से प्रभावित भवनों के मुआवजे को मंजूरी।
विस्थापितों को प्राथमिकता: मार्ग चौड़ीकरण में 75 प्रतिशत से अधिक प्रभावित होने वाले दुकानदारों को निगम के निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में प्राथमिकता के आधार पर विस्थापित करने का निर्णय।
उपस्थित अधिकारी एवं सदस्य
बैठक में महापौर मुकेश टटवाल और आयुक्त अभिषेक मिश्रा के साथ एमआईसी सदस्य शिवेंद्र तिवारी, सत्यनारायण चौहान, रजत मेहता, कैलाश प्रजापत, जितेंद्र कुवाल, डॉ. योगेश्वरी राठौर और श्रीमती दुर्गाशक्ति सिंह चौधरी मौजूद रहीं। प्रशासनिक अधिकारियों में अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, संदीप शिवा, पुनीत शुक्ला, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, संजेश गुप्ता, मनोज मौर्य सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालन यंत्री उपस्थित थे।
