उज्जैन विकास प्राधिकरण के नवागत अध्यक्ष रवि सोलंकी ने संभाला पदभार

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) के नवमनोनीत अध्यक्ष रवि सोलंकी ने मंगलवार को संचालक मंडल के सदस्यों के साथ पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने से पूर्व उन्होंने भगवान महाकालेश्वर और अंगारेश्वर मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात वे विशाल जनसमूह के साथ भरतपुरी स्थित प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। कार्यालय में भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव और विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा की गरिमामयी उपस्थिति में उन्होंने अपना कार्यभार संभाला।

सिंहस्थ और शहर के विकास को मिलेगी नई गति

पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए अध्यक्ष रवि सोलंकी ने कहा कि वे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की मंशानुरूप उज्जैन को एक अत्याधुनिक नगरी बनाने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि शहर के विकास और आगामी सिंहस्थ के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी। सिंहस्थ में देश-विदेश से आने वाले करीब 30 करोड़ श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी। प्राधिकरण द्वारा वर्तमान में किए जा रहे सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

लंबित कार्यों के लिए तय होगी डेडलाइन

श्री सोलंकी ने प्राधिकरण की कार्यप्रणाली में तेजी लाने के संकेत देते हुए कहा कि जो कार्य लंबे समय से अटके हुए हैं, उन्हें शीघ्र शुरू कराया जाएगा। कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के लिए डेडलाइन तय की जाएगी। उन्होंने मास्टर प्लान के अंतर्गत गरीबों के लिए एलआईजी (LIG) और ईडब्ल्यूएस (EWS) मकान बनाने की योजना का भी जिक्र किया। साथ ही, उन्होंने पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकारों को समय-समय पर निर्माण कार्यों का अवलोकन कराया जाएगा।

स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

नवागत अध्यक्ष और संचालक मंडल के स्वागत के लिए प्राधिकरण कार्यालय पर भारी भीड़ उमड़ी। उनके स्वागत में बिल्डर, कॉलोनाइजर, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, कार्यकर्ता, व्यापारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता समूह मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और पुष्पमालाओं के साथ अपने नेता का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे कार्यालय परिसर में उत्सव सा माहौल नजर आया।

Next Post

आरक्षण पर उमा भारती के तीखे तेवर: बोलीं- जब तक बड़े पदों के बच्चे सरकारी स्कूल नहीं जाते, कोई माई का लाल नहीं छीन सकता हक

Tue Apr 28 , 2026
भोपाल, अग्निपथ। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने आरक्षण के मुद्दे पर एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। मंगलवार को भोपाल के जम्बूरी मैदान में आयोजित राजा हिरदे शाह लोधी की शौर्य यात्रा के समापन अवसर पर उमा भारती ने हुंकार भरते हुए […]

Breaking News