मक्सी, अग्निपथ। शाजापुर जिले के मक्सी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब मुरलीधर अस्पताल के पास एक युवक पर सरेराह खूनी हमला कर दिया गया। चलती बाइक पर सवार युवक को अज्ञात हमलावरों ने घेरकर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। हमले के बाद युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल शाजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
आपसी रंजिश और रुपयों का विवाद
घायल युवक की पहचान देवास जिले के जलालपुरा निवासी प्रकाश पिता राजाराम मालवीय के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल के बयान दर्ज किए। प्रकाश ने अपने साडू भाई नारायण और उसके साथियों पर हमले का सीधा आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले काफी समय से ढाई लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। प्रकाश के अनुसार, उसकी शादी फरवरी 2025 में हुई थी और उससे पहले ही साडू भाई ने यह बड़ी रकम उधार ली थी, जिसे लौटाने के नाम पर वह लगातार धमकी दे रहा था।
शिकायत के बाद बढ़ा विवाद और हमला
प्रकाश ने बताया कि उसने इस विवाद के संबंध में 28 अप्रैल को देवास जिले की टोककला चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत से नाराज होकर उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। मंगलवार को जब वह मक्सी में किराने का सामान लेने आया था, तभी मुरलीधर अस्पताल और पाटीदार धर्मशाला के बीच घात लगाकर बैठे 3-4 हमलावरों ने उसे रोक लिया और शरीर पर कई जगहों पर चाकू से वार कर दिए। मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं।
