बस में महिला कर्मचारी से छेड़छाड़: कंडक्टर ने मांगा मोबाइल नंबर, हिंदू संगठनों ने की जमकर धुनाई

देवास, अग्निपथ। देवास से इंदौर जा रही एक यात्री बस में महिला के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बस कंडक्टर ने महिला के साथ न केवल अश्लील हरकतें कीं, बल्कि उसका मोबाइल नंबर मांगकर दबाव बनाने की कोशिश भी की। घटना गुरुवार सुबह की है, जब महिला अपने कार्यस्थल इंदौर जाने के लिए बस में सवार हुई थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कंडक्टर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पीड़िता ने बताया कि वह इंदौर में महिला एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत है और प्रतिदिन देवास से इंदौर बस के जरिए आना-जाना (अप-डाउन) करती है। कंडक्टर पिछले कुछ दिनों से उसे लगातार परेशान कर रहा था और उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। गुरुवार सुबह जब महिला बस में बैठी, तो कंडक्टर ने उसे अपनी सीट के पास बैठा लिया और उससे मोबाइल नंबर मांगने लगा। इतना ही नहीं, वह महिला की निजी जानकारी जुटाने की कोशिश भी करने लगा।

किराया लेने से किया इनकार, नंबर देने के लिए बनाया दबाव

महिला ने जब सफर का किराया देने की कोशिश की, तो आरोपी कंडक्टर ने पैसे लेने से साफ मना कर दिया। उसने महिला पर दबाव बनाया कि यदि वह उसे अपना मोबाइल नंबर देगी, तो वह उससे किराया नहीं लेगा। आरोपी की हिमाकत इतनी बढ़ गई कि उसने महिला को धमकी भरे लहजे में यह भी कहा कि वह इस बारे में अपने पति को कुछ न बताए। कंडक्टर की इन हरकतों से महिला बुरी तरह घबरा गई और उसने मामले की जानकारी अपने परिचितों और परिजनों को दी।

हिंदू संगठनों का फूटा गुस्सा, सड़क पर उतारा आरोपी का जुलूस

इस घटना की जानकारी जैसे ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को मिली, वे भारी संख्या में एकत्रित होकर मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने बस को रुकवाकर आरोपी कंडक्टर को बाहर निकाला और उसकी जमकर धुनाई कर दी। बीच सड़क पर कंडक्टर की पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसके बाद प्रदर्शनकारी आरोपी को घसीटते हुए कोतवाली थाने ले आए।

कोतवाली थाने पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। माहौल को गरमाता देख पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और पीड़िता के बयान दर्ज किए।

आरोपी सरफराज के खिलाफ मामला दर्ज, सख्त कार्रवाई का आश्वासन

पुलिस ने महिला की लिखित शिकायत पर आरोपी कंडक्टर सरफराज, निवासी भोंसले कॉलोनी, के खिलाफ छेड़छाड़ और अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। कोतवाली थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि यात्री बसों में महिलाओं की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ट्रैफिक विभाग के साथ मिलकर एक विशेष बैठक की जाएगी। इसके साथ ही यात्री बसों में सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और स्टाफ के चरित्र सत्यापन को लेकर सख्त चेकिंग अभियान चलाया जाएगा ताकि महिलाएं निडर होकर सफर कर सकें।

Next Post

देवास में रफ्तार का कहर: ऑटो ने 5 साल की मासूम को कुचला, 15 फीट तक घसीटा

Thu Apr 30 , 2026
देवास, अग्निपथ। शहर की गंगा पार्क कॉलोनी में गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार ऑटो ने खुशियों को मातम में बदल दिया। अनियंत्रित होकर आए ऑटो ने घर के बाहर खड़ी 5 साल की मासूम बच्ची चेष्टा शर्मा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो चालक बच्ची […]

Breaking News