उन्हेल में घर के अंदर मिली युवक की खून से लथपथ लाश, इलाके में मची सनसनी

उज्जैन, अग्निपथ। थाना क्षेत्र के नाग चबूतरा मंदिर के पीछे स्थित एक घर में 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विक्रम पिता अशोक के रूप में हुई है, जो पेशे से मजदूर था। सुबह जब उसका खून से लथपथ शव कमरे में पड़ा मिला, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों की सूचना पर उन्हेल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआती हालात को देखते हुए पुलिस ने इसे हत्या का मामला माना है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को भी सूचित किया गया।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वाड की टीम ने संभाला मोर्चा

घटनास्थल से पुख्ता सबूत जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की एक्सपर्ट टीम और डॉग स्क्वाड को तत्काल मौके पर बुलाया गया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने कमरे और आसपास के रास्तों से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। वहीं खोजी कुत्ते की मदद से हमलावरों के भागने के रूट को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

सीएसपी विक्रम सिंह अहिरवार ने बताया कि शुरुआती जांच में युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ शुरू

मृतक विक्रम अपने पीछे पत्नी और एक बच्चे को छोड़ गया है। अचानक हुई इस वारदात से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने परिजनों और आस-पास के रहने वाले लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि उसकी किसी से पुरानी रंजिश या विवाद की जानकारी मिल सके।

सीएसपी अहिरवार के मुताबिक, मामले की विवेचना अभी प्रारंभिक स्तर पर है। घटनास्थल से मिले टेक्निकल इनपुट और संदिग्धों की कॉल डिटेल को खंगाला जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Next Post

मंगल 21 जून को करेगा वृषभ राशि में प्रवेश, शनि की दृष्टि से बाजार मौसम और वैश्विक राजनीति में मचेगी उथल-पुथल

Tue Jun 16 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। वर्ष 2026 के उत्तरार्ध की शुरुआत एक बड़े और संवेदनशील ज्योतिषीय घटनाक्रम के साथ होने जा रही है। नवग्रहों के सेनापति माने जाने वाले मंगल देव आगामी 21 जून को मेष राशि से निकलकर वृषभ राशि में प्रवेश करेंगे। मंगल देव इस राशि में 1 अगस्त तक विराजमान […]
मंगल

Breaking News