महाकाल मंदिर परिसर में हंगामा, हिंदू युवती के साथ आए मुस्लिम युवक की पिटाई

उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर परिसर के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भस्मारती की कतार में खड़े एक मुस्लिम युवक को कुछ लोगों ने दबोच लिया। आरोपी युवक के बाल पकड़कर उसे लगातार थप्पड़ मारते रहे और वहां मौजूद लोग मूकदर्शक बने तमाशा देखते रहे।

यह पूरी घटना 16 और 17 जून की दरमियानी रात करीब 2 बजे महाकाल मंदिर के समीप हरसिद्धि चौराहे के पास की बताई जा रही है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

भेष बदलकर महाकाल मंदिर भस्मारती की लाइन में लगा था युवक

पुलिस जांच में सामने आया है कि पिंपरी, पुणे का रहने वाला 26 वर्षीय सरफराज शेख एक हिंदू युवती के साथ उज्जैन दर्शन के लिए आया था। रात के वक्त दोनों महाकाल मंदिर की चलित भस्मारती में शामिल होने के लिए कतार में लगे हुए थे।

पकड़े जाने से बचने के लिए युवक ने बाकायदा अपने माथे पर चंदन का त्रिपुंड लगा रखा था और उस पर ‘महाकाल’ लिखवाया था। वह हुलिए से पूरी तरह सामान्य श्रद्धालु नजर आ रहा था, ताकि किसी को उस पर कोई शक न हो।

आधार कार्ड देखते ही भड़का बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का गुस्सा

कतार में खड़े होने के दौरान वहां मौजूद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को युवक की हरकतों और हाव-भाव पर अचानक गहरा संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने युवक को रोककर पूछताछ की और सख्ती दिखाते हुए उसका आधार कार्ड जांचने के लिए मांग लिया।

जैसे ही पहचान पत्र में युवक का मुस्लिम नाम सामने आया, वहां मौजूद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पूरी तरह भड़क गए। देखते ही देखते मौके पर भारी हंगामा शुरू हो गया और गुस्साए लोगों ने युवक को बीच सड़क पर पीटना शुरू कर दिया।

श्रद्धालुओं में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी युवक के बाल खींचकर उसे लगातार चांटे मारते रहे, जबकि पीड़ित युवक हाथ जोड़कर खुद को छोड़ने की गुहार लगाता रहा। इस अचानक हुई मारपीट और हंगामे के कारण महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए  कतार में लगे अन्य आम श्रद्धालुओं के बीच डर का माहौल बन गया।

घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरी बर्बरता का वीडियो अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया और इंटरनेट पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई पुलिस ने युवक को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस सुरक्षा में युवक-युवती, परिजनों को पुणे से बुलाया

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित युवक को सुरक्षित थाने लाकर पूछताछ की गई है। हालांकि, इस संवेदनशील मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है।

पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर युवक और युवती, दोनों के परिजनों को फोन करके तत्काल पुणे से उज्जैन बुलाया है। थाना प्रभारी का कहना है कि लिखित शिकायत मिलते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Breaking News