उद्योगपुरी में बड़ा हादसा: वेल्डिंग फैक्ट्री की छत से गिरकर श्रमिक की मौत

परिजनों ने लगाया लापरवाही का गंभीर आरोप

उज्जैन, अग्निपथ। मक्सी रोड स्थित उद्योगपुरी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक वेल्डिंग कंपनी में काम करने वाले श्रमिक की ऊंचाई से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के आक्रोशित परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त विश्वबैंक कॉलोनी का रहने वाला सुनील पिता राधेश्याम सोलंकी मक्सी रोड स्थित एक फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम करता था। रविवार को वह फैक्ट्री की पहली मंजिल की छत पर वेल्डिंग का कार्य संभाल रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे कंक्रीट के फर्श पर आ गिरा।

अस्पताल में तोड़ा दम, समय पर सूचना न देने से भड़के परिजन

हादसे के बाद लहूलुहान सुनील को गंभीर हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार शाम को उसने दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह जिला अस्पताल में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक के भाई मनोज ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन ने न केवल काम के दौरान सुरक्षा उपकरण नहीं दिए, बल्कि इलाज में भी घोर लापरवाही बरती। उन्होंने कहा कि सुनील को अस्पताल ले जाने के काफी देर बाद तक परिवार को हादसे की कोई सूचना नहीं दी गई थी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

तोपखाना इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर युवक को पीटा, जान से मारने की धमकी

उज्जैन। महाकाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तोपखाना इलाके में पुरानी दुश्मनी को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। खैराती मस्जिद के पीछे गली नंबर दो में रहने वाले मोहम्मद शाहरूख पिता मोहम्मद अल्लाबख्श के साथ क्षेत्र के ही एक बदमाश ने सरेराह जमकर मारपीट की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पुरानी रंजिश के चलते बार-बार शाहरूख के घर के आसपास संदिग्ध चक्कर लगा रहा था। जब शाहरूख उसे समझाने और वहां से जाने का बोलने के लिए गया, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अचानक हमला कर दिया। आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

भाटपचलाना पुलिस की बड़ी सफलता: साइबर सेल की मदद से ढूंढे 13 मोबाइल और लैपटॉप

उज्जैन। जिला पुलिस कप्तान के निर्देशन में चलाए जा रहे संपत्ति रिकवरी अभियान के तहत भाटपचलाना थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और साइबर सेल के विशेष सहयोग से क्षेत्र से गुम हुए 13 कीमती मोबाइल फोन और एक लैपटॉप को सफलतापूर्वक ट्रेस कर बरामद कर लिया है।

भाटपचलाना पुलिस ने केंद्र सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल का प्रभावी उपयोग करते हुए इन सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की लोकेशन निकाली थी। पुलिस ने इन सभी बरामद संपत्तियों को थाने बुलाकर उनके वास्तविक और मूल मालिकों के सुपुर्द कर दिया है। अपने खोए हुए फोन पाकर नागरिकों ने पुलिस का आभार जताया।

बड़नगर के तीन गांवों में आबकारी विभाग का छापा, अवैध शराब और महुआ लहान जब्त

उज्जैन। आबकारी विभाग के विशेष दल ने बड़नगर क्षेत्र के ग्राम सिकंदरा खेड़ा, बमनापाती और कल्मोड़ा में मुखबिर की सटीक सूचना पर एक साथ दबिश दी। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के निर्देशन में हुई इस बड़ी कार्रवाई के दौरान आबकारी अमले ने ग्रामीण इलाकों में चल रहे अवैध शराब के ठिकानों को पूरी तरह नेस्तनाबूत कर दिया।

टीम ने मौके से 30 क्वार्टर देसी प्लेन शराब, 6 केन बियर और हाथ भट्टी से बनी 12 लीटर महुआ शराब के साथ ही करीब 210 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया है। आबकारी दल ने लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया। जब्त की गई कुल सामग्री की अनुमानित कीमत 25,350 रुपये आंकी गई है। मामले में आरोपी गूंजा बाई, इंदरसिंह और सौदानसिंह को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

Next Post

आंधी-बारिश से पहले ही वल्लभ नगर ग्रिड फेल, मोहन नगर सहित 5 वार्डों में दिनभर में 17 बार गुल हुई बिजली

Mon Jun 22 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। मानसूनी बारिश की दस्तक से पहले ही शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। वल्लभ नगर बिजली ग्रिड की लचर कार्यप्रणाली के कारण सोमवार को भीषण उमस के बीच मोहन नगर सहित आसपास के पांच वार्डों के हजारों नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। […]

Breaking News