धार, अग्निपथ। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने शुक्रवार को जिले के बाग और कुक्षी क्षेत्र में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कुल 53 स्कूल वाहनों की बारीकी से जांच की गई, जिनमें से 15 वाहन परिवहन नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन नियमविरुद्ध वाहनों से 2.78 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। अचानक हुई इस कार्रवाई से स्कूल बस संचालकों में हड़कंप मच गया।
यह अभियान परिवहन आयुक्त के निर्देशों और कलेक्टर राजीव रंजन मीना के मार्गदर्शन में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) हृदेश यादव के नेतृत्व में चलाया गया। जांच दल में परिवहन उप निरीक्षक दिव्या पाटीदार, मधुकर सिसोदिया एवं उनकी टीम शामिल रही।
टीम ने स्कूल बसों और टैक्सियों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा मानकों जैसे अग्निशामक यंत्र, प्राथमिक चिकित्सा किट आदि की गहन जांच की।
एआरटीओ हृदेश यादव ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की जान और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने के उद्देश्य से जिले भर में आगे भी इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।
विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधनों और वाहन मालिकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे शासन द्वारा तय किए गए सुरक्षा मानकों और नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा सीधे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई की मुख्य झलकियां
-
कुल वाहनों की जांच: 53 स्कूल वाहन
-
नियमों का उल्लंघन: 15 वाहन दोषी पाए गए
-
कुल वसूला गया जुर्माना: 2.78 लाख रुपये
-
मुख्य प्रभावित क्षेत्र: बाग एवं कुक्षी क्षेत्र

