साहब का फरमान बेअसर, नलखेड़ा सिविल अस्पताल में कागजी साबित हुआ आदेश
नलखेड़ा, अग्निपथ। स्थानीय सिविल अस्पताल में पिछले कुछ महीनों से रेडियोग्राफर का पद खाली पड़ा हुआ है। इस गंभीर समस्या से राहत दिलाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा अस्थाई व्यवस्था के तहत रेडियोग्राफर की तैनाती तो कर दी गई, लेकिन यह आदेश केवल कागजों तक ही सीमित रह गया है। जिम्मेदार अफसरों के सख्त निर्देशों के बावजूद रेडियोग्राफर अस्पताल में अपनी सेवाएं देने नहीं पहुंच रहे हैं। नतीजतन, दूर-दराज से इलाज की उम्मीद लेकर आने वाले असहाय मरीजों और उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानांतरण के बाद गहराया संकट, मरीजों की उम्मीदों पर फिरा पानी
सिविल अस्पताल में पहले से पदस्थ रेडियोग्राफर का स्थानांतरण हो जाने के बाद से ही एक्स-रे विभाग का काम पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। यहां रोजाना आने वाले दर्जनों मरीजों को बिना इलाज ही बेरंग लौटना पड़ रहा था। मरीजों की इसी पीड़ा और लगातार बढ़ती शिकायतों को ध्यान में रखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश देहलवार ने 30 जुलाई 2026 को एक विशेष आदेश जारी किया था। इसके तहत जिला चिकित्सालय आगर मालवा में कार्यरत चार रेडियोग्राफर महेश रावल, सुजीत दुबे, गोविंद कीर तथा अंकित पाटीदार को महीने के अलग-अलग दिनों में नलखेड़ा में अपनी सेवाएं देने के लिए पाबंद किया गया था।
10 दिन बीते पर व्यवस्था सिफर, जेब ढीली करने को मजबूर आम जनता
अफसरों के इस आदेश को जारी हुए 10 दिन से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन जमीनी हकीकत जस की तस बनी हुई है। आदेश के बाद भी रेडियोग्राफर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं। सरकारी अस्पताल में सुविधा न मिलने के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को मजबूरी में निजी सेंटरों का रुख करना पड़ रहा है, जहां उन्हें महंगे दामों पर एक्स-रे करवाने के लिए अपनी जेब खाली करनी पड़ रही है।
केवल एक दिन हाजिरी लगाकर गायब हुए कर्मचारी
इस पूरे मामले पर जब सिविल अस्पताल के मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ विजय यादव से चर्चा की गई, तो उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश मिलने के बाद रेडियोग्राफर सिर्फ एक दिन ही ड्यूटी पर आए थे। उस एक दिन के बाद से आज तक कोई भी रेडियोग्राफर अस्पताल में अपनी सेवाएं देने नहीं पहुंचा है।
Continue using AI Cursor?Keep it onTurn Off

