बदनावर, अग्निपथ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वर्गीय गोल्डी पटेल की स्मृति में यूथ स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में एक दिवसीय “इंडिपेंडेंस फुटबॉल कप-2026” का आयोजन शासकीय महाविद्यालय खेल मैदान पर किया गया। इस प्रतियोगिता में बदनावर, सरदारपुर और धार की टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में बदनावर यूथ स्पोर्ट्स क्लब-ए ने पेनल्टी शूटआउट में सरदारपुर को 4-2 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
प्रतियोगिता के पहले मैच में बदनावर यूथ स्पोर्ट्स क्लब-ए ने अपनी ही बी टीम को 3-0 से हराया। दूसरे मुकाबले में सरदारपुर ने धार की टीम को 5-1 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मैच में बदनावर और सरदारपुर के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसका फैसला अंततः पेनल्टी शूटआउट से हुआ और बदनावर ने 4-2 से जीत दर्ज की। विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 5100 रुपये व ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को द्वितीय पुरस्कार 2100 रुपये व ट्रॉफी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद अध्यक्ष मीना यादव, उपाध्यक्ष राजेंद्रसिंह पंवार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रेमचंद परमार, नगर मंडल अध्यक्ष मनीष गुर्जर, भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज सोलंकी कवि, पूर्व जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र जाट, महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विवेक पाटीदार, पत्रकार संघ तहसील अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह जादौन, एल्डरमैन मितेश शर्मा तथा पार्षद अनिता संतोष चौहान व सुखराम देवदा उपस्थित रहे।
आयोजन के दौरान यूथ स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष संतोष राव, रामचंद्र वर्मा, पंकज ठाकुर, राधेश्याम हारोड़, राजा माली, आशीष साइमन रिंकू, मनीष श्रीवास्तव, हरीश कराडा, पीयूष मिश्रा, पंकज वर्मा, नीरज वर्मा और लोकेंद्र सिंह पवार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मैच का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी दर्शक मैदान पर मौजूद थे।
Continue using AI Cursor?Keep it onTurn Off

