ट्रेन में मोबाइल चोर ने यात्री पर किया चाकू से हमला, देवास में उतारा घायल

उज्जैन, अग्निपथ। रणथंभोर एक्सप्रेस ट्रेन में बुधवार सुबह इंदौर निवासी एक यात्री के साथ चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात हो गई। चार्जिंग पर लगा मोबाइल चुराने से रोकने पर बदमाश ने यात्री पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद उज्जैन में जीआरपी और आरपीएफ ने आरोपी की घेराबंदी की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

चार्जिंग पर लगे मोबाइल को चुराने का प्रयास

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदौर के इमली बाजार (राजवाड़ा) निवासी राहुल पिता बजरंग लाल रतलाम जाने के लिए रणथंभोर एक्सप्रेस में सवार हुए थे। ट्रेन के कोच में सीट नंबर 35 और 36 पर यात्रा कर रहे राहुल ने अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगाया था। सुबह करीब साढ़े छह बजे देवास से लगभग 10 से 15 किलोमीटर पहले काले रंग की जैकेट पहने एक संदिग्ध बदमाश आया और चार्जिंग पर लगा मोबाइल चुराकर भागने लगा।

बीच-बचाव में मारा चाकू, कोच में फैला खून

मोबाइल चोरी होते देख यात्री राहुल ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। खुद को घिरता देख शातिर बदमाश ने पास रखे चाकू से राहुल पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया और कोच में खून फैल गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चाकू वहीं छोड़कर धीमी गति से चल रही ट्रेन से नीचे कूदकर फरार हो गया।

देवास में कराया गया उपचार, उज्जैन में तलाशी अभियान निष्फल

ट्रेन में चाकूबाजी की सूचना मिलते ही देवास स्टेशन पर घायल यात्री को इलाज के लिए उतारा गया। इसके बाद पुलिस अलर्ट हुई और टीआई सुनील गुप्ता के निर्देशन में आरपीएफ तथा जीआरपी की टीमों ने उज्जैन स्टेशन पर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने बताए गए हुलिए के आधार पर रेलवे प्लेटफॉर्म और आसपास के इलाकों में हमलावर की तलाश की, लेकिन आरोपी का कोई पता नहीं चला। टीआई ने बताया कि पीड़ित यात्री ने औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया है, फिर भी पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच और आरोपी की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News