धार, अग्निपथ। धरमपुरी पुलिस ने जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत बिछाए जाने वाले बहुमूल्य पाइपों की चोरी का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त एक आयशर वाहन और हाइड्रा क्रेन को भी जब्त कर लिया गया है, जबकि गिरोह के एक अन्य फरार आरोपी की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।
सड़क किनारे रखे पाइपों पर बोला धावा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 सितंबर को कंपनी के स्टाफ सुपरवाइजर कड़वासिंह राजपूत ने धरमपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि खलघाट-मनावर मार्ग पर पिपलदागढ़ी रोड के किनारे जल जीवन मिशन के तहत बहुमूल्य डीआई पाइप रखे गए थे। सुबह निरीक्षण के दौरान मौके पर एक आयशर वाहन में पाइप लोड मिले। गिनती करने पर कुल 48 पाइप गायब पाए गए, जिसके बाद जांच में वाहन चालकों की भूमिका उजागर हुई।
घेराबंदी कर पकड़े गए दो आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन और थाना प्रभारी सरदारसिंह सोलंकी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आयशर चालक सादाब खान निवासी धरमपुरी और हाइड्रा क्रेन चालक सुखलाल निवासी खरगोन को धर दबोचा।
वाहनों समेत माल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आयशर वाहन और हाइड्रा क्रेन जब्त कर ली है। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

