उज्जैन, अग्निपथ। नगर के जूना सोमवारिया क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। जीवाजीगंज थाना क्षेत्र स्थित हुसैनी अपार्टमेंट में बीती रात बदमाशों ने एक बंद फ्लैट को अपना निशाना बनाया। सूने मकान का ताला तोड़कर चोर अलमारी में रखे 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 25 हजार रुपये की नगदी समेटकर रफूचक्कर हो गए।
ऊपरी मंजिल पर सोने गई थीं फ्लैट मालकिन
मिली जानकारी के अनुसार, अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 206 जुमाना पति सादिक मानपुर वाला का है। वह घर में अकेली रहती हैं। पारिवारिक सदस्य काईद मानपुर वाला ने वारदात के संबंध में बताया कि सोमवार रात करीब 11.35 बजे जुमाना अपने घर में ताला लगाकर इसी अपार्टमेंट की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले अपने रिश्तेदार के यहां सोने चली गई थीं। सुबह जब वह नीचे अपने फ्लैट पर लौटीं तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए।
अलमारी के ताले टूटे, सामान अस्त-व्यस्त
घटना की भनक लगते ही जब जुमाना ने घबराते हुए घर के भीतर प्रवेश किया तो अलमारी के ताले टूटे पड़े थे और सारा सामान अस्त-व्यस्त फैला हुआ था। ध्यान से जांच करने पर पता चला कि लॉकर में रखे करीब 15 लाख रुपये के बहुमूल्य जेवरात और 25 हजार रुपये नगद गायब थे। वारदात की सूचना तुरंत जीवाजीगंज थाना पुलिस को दी गई।
डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने शुरू की पड़ताल
सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ एफएसएल टीम और स्निफर डॉग मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए। वहीं स्निफर डॉग को भी सुराग तलाशने के लिए मैदान में उतारा गया, हालांकि वह अपार्टमेंट से कुछ ही दूरी तक जाकर वापस लौट आया। पुलिस इलाके में सक्रिय आपराधिक तत्वों से पूछताछ कर रही है।
फुटेज में नहीं दिखे बदमाश, तकनीकी जांच जारी
सुरक्षा के लिहाज से हुसैनी अपार्टमेंट पूरी तरह सीसीटीवी कैमरों से लैस है। घटना के बाद जब पुलिस ने परिसर में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें कोई भी संदिग्ध गतिविधि कैद नहीं पाई गई। इससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को परिसर के रास्तों और कैमरों की स्थिति की पूरी जानकारी थी। फिलहाल पुलिस आसपास के अन्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की मूवमेंट का सुराग लगाया जा सके।

