उज्जैन, अग्निपथ। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग प्रभावी कार्रवाइयों में चार शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 44 पेटी विदेशी शराब और दो लग्जरी वाहन जब्त किए हैं। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि शराब तस्करों का एक गिरोह इंदौर से अवैध शराब लाकर उज्जैन और गुजरात के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने दो पृथक स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई सुनिश्चित की। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग कर रहे थे, ताकि पुलिस की आंखों में धूल झोंकी जा सके।
इंजीनियरिंग कॉलेज के पास पहली बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने पहली कार्रवाई इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर स्थित टावर के पास की। घेराबंदी के दौरान एक नीले रंग की एक्सयूवी (XUV) वाहन, जिसका क्रमांक सीजी 10 सीबी 2098 है, को रोका गया। वाहन की सघन तलाशी लेने पर उसमें से 23 पेटी (कुल 198.72 बल्क लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब ‘बैगपाइपर’ बरामद हुई। चौंकाने वाली बात यह रही कि वाहन की तलाशी में एक ही नंबर की दो फर्जी नंबर प्लेट भी मिलीं। पुलिस ने शराब, जिसकी कीमत 2 लाख 75 हजार रुपये है, और 25 लाख रुपये मूल्य का वाहन जब्त कर लिया है।
शनि मंदिर ब्रिज के नीचे दूसरी सफलता
इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई शनि मंदिर ब्रिज के नीचे, इंदौर रोड पर की गई। यहाँ पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक काले रंग की स्कॉर्पियो, जिसका क्रमांक एमपी 09 ए क्यू 2537 है, को पकड़ा। वाहन की तलाशी में 21 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस शराब की बाजार कीमत 2 लाख 56 हजार रुपये और वाहन की कीमत 20 लाख रुपये बताई जा रही है। नानाखेड़ा पुलिस ने दोनों ही मामलों में धारा 34(2) मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी
इन कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में सचिन पिता गोपाल राव (उम्र 25 वर्ष, निवासी झुग्गी झोपड़ी, चिमनगंज), यश पिता विनोद चित्तौड़ा (निवासी न्यू इंदिरा नगर, नागझिरी), साहिल उर्फ मनीष पिता संतोष माली (निवासी गिरिराज रतन कॉलोनी, कानीपुरा रोड) और चंद्रशेखर उर्फ कालू उर्फ मेडिकल पिता नंदकिशोर भोई (निवासी विधायक नगर, मक्सी रोड) शामिल हैं।
नीलगंगा पुलिस ने भी दबोचा शराब तस्कर
एक अन्य कार्रवाई में नीलगंगा पुलिस ने भी अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए 8.7 लाख रुपये का माल जब्त किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दाउदखेड़ी स्थित न्यू आरटीओ कार्यालय के पास एक एक्सयूवी कार (क्रमांक एमपी 09 डब्ल्यूसी 4262) में अवैध कच्ची और अंग्रेजी शराब भरकर बेची जा रही है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
फर्जी नंबर और तस्करी का तरीका
नीलगंगा क्षेत्र में पकड़ा गया आरोपी मनीष पिता लक्ष्मण रॉय (उम्र 43 वर्ष, निवासी सुदामा नगर) पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन टीम ने उसे धर दबोचा। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सफेद केन और तीन थैलों में भरी हुई हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी इसे सस्ते दामों पर बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस ने वाहन और शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इन आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।
