खरगोन, अग्निपथ। जिले के गोगांवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रेहगांव में एक किसान द्वारा अपने ही खेत में जहर पीकर जान देने का मामला सामने आया है। मृतक किसान की पहचान 43 वर्षीय सालकराम यादव के रूप में हुई है। इस घटना ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब मृतक का एक सुसाइड वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उसने जमीन सौदे में हुई धोखाधड़ी और कुछ रसूखदार लोगों द्वारा दी जा रही धमकियों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है।
45 लाख का जमीन सौदा और पैसों की हेराफेरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सालकराम ने रेहगांव के ही राजू, वीरेंद्र और जितेंद्र गुप्ता से करीब साढ़े सात एकड़ जमीन का सौदा 45 लाख रुपये में किया था। वीडियो में किसान ने रोते हुए आरोप लगाया है कि उसने अपने दोस्त सुरेश यादव के माध्यम से 45 लाख रुपये की पूरी व्यवस्था की थी और आरोपियों को 22 लाख रुपये से अधिक की राशि का भुगतान भी कर दिया था। इसके बावजूद आरोपी अपनी शर्तों से मुकर गए और जमीन नाम करने में आनाकानी करने लगे।
धमकियों से टूट गया किसान: आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
सालकराम ने मरने से पहले बनाए वीडियो में बिलखेड़ निवासी श्याम सहित अन्य लोगों पर जान से मारने की धमकी देने और खरीदी गई जमीन पर जाने से रोकने का आरोप लगाया है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी को लेकर अस्पताल में हंगामा भी किया। थाना प्रभारी दीपक यादव ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर वीडियो और साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
00000
