बदनावर, अग्निपथ। बुधवार रात करीब 9 बजे अज्ञात बदमाशों ने खेत पर 42 वर्षीय सैयद अशफाक अली उर्फ डल्लू पिता असद अली उर्फ मजलूम निवासी मेराजीपुरा बदनावर की जघन्य हत्या कर दी।
मृतक रात में 2 किमी दूर बागेड़ी नदी के पास पाला रोड पर स्थित अपने खेत पर गया था। वहीं मौका पाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। मृतक के पिता कुछ देर पहले ही उसे टिफीन देकर आए थे। बताया गया है कि घटना के समय खेत पर काम करने वाला नौकर कहीं गया था।
इसी बीच बदमाशों ने यह वारदात की। उन्होंने डल्लू के दोनों पैर तोड़े तथा गले में फांसी का फंदा लगाया और पत्थरों से मुंह कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद नौकर ने आकर युवक को घायल देखा और घर पर सूचना दी। घरवालों ने तुरंत खेत पर पहुंचकर पुलिस को खबर की।
कुछ ही देर में एसडीओपी देवेंद्र यादव व टीआई सीबी सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है उसमें कई बदमाशों के शामिल होने का अनुमान है। मृतक हृष्ट पुष्ट, ऊंचा जवान था।
देर रात को शव को पोस्टमार्टम के लिए बदनावर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया। गुरुवार दोपहर जौहर की नमाज के बाद बड़े कब्रिस्तान में मैयत दफनाई गई।
इस घटना से मोहल्ले में सनसनी के साथ गम का माहौल है। हत्या करने का कारण अभी पता नहीं चला है। मृतक खेती-बाड़ी के साथ ही जेसीबी व डंपर आदि खरीदने बेचने का काम करता था। मृतक के तीन बच्चे दो पुत्री व एक पुत्र है।

