सीहोर, अग्निपथ। इछावर पुलिस ने ग्राम सतपिपलिया में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले का पर्दाफाश करते हुए मृतक के सगे बड़े भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि सतपिपलिया के कच्चे रास्ते पर हेमराज के खेत की मेड पर एक युवक का शव पड़ा है। मृतक की पहचान अंकुश परमार निवासी सतपिपलिया के रूप में हुई। उसके शरीर पर धारदार हथियार से चोट के कई निशान पाए गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी।
पारिवारिक विवाद और नशे की हालत में विवाद
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। एसडीओपी भेरूंदा रोशन कुमार जैन के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर मृतक के बड़े भाई देवेंद्र परमार को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि 25 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे छोटा भाई अंकुश शराब के नशे में माता-पिता और उसे गालियां दे रहा था। गुस्से में आकर उसने घर पर ही लंबी दरांती से वार कर अंकुश की हत्या कर दी।
साक्ष्य मिटाने का प्रयास और गिरफ्तारी
आरोपी ने हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को अपने ट्रैक्टर-ट्राली में रखकर गांव के कच्चे रास्ते पर फेंक दिया था। उसने अपने खून से सने कपड़े घर के पास खेत में जला दिए और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी वहीं छुपा दिया था। पुलिस ने एफएसएल अधिकारी और फोटोग्राफर के सहयोग से घटना में प्रयुक्त दरांती, ट्रैक्टर-ट्राली और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में अग्रिम विवेचना जारी है।
