जिले में पहले चरण में तीन लाख से ज्यादा लोगों को लगेगा टीका

कोरोना टीकाकरण : कल से शुरू होगा पहला फेज, पहले सप्ताह में 5 केन्द्रों पर वेक्सीनेशन होगा, टीम को दिया प्रशिक्षण

उज्जैन। प्रदेश के साथ-साथ जिले में 16 जनवरी को प्रात: 8:30 बजे से कोविड वैक्सीन का टीकाकरण का पहला फेज प्रारंभ होगा। राज्य शासन के निर्देश पर प्रथम सप्ताह के लिये जिले में 5 स्थान तय किए गए हैं । जिनमें आर गार्डी मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, नर्सिंग कॉलेज, नागदा, खाचरौद तथा महिदपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस सिलसिले में गुरुवार को प्रदेश के अधिकारियों और धर्मगुरुओ से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बातचीत की।

टीकाकरण अभियान में दिन भर में एक सेंटर पर 100 लोगों को टीका लगेगा तथा सप्ताह में केवल 4 दिन ही टीकाकरण होगा। जिन लोगों को टीकाकरण के लिए चयनित किया गया है उनको एसएमएस के द्वारा आमंत्रित किया जाएगा। जब 10 लोग एकत्रित हो जाएंगे तभी टीका का वायल खोला जाएगा। वीडियो कांफ्रेंस में एनआईसी उज्जैन से उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, संभागायुक्त आनंदकुमार शर्मा, कलेक्टर आशीष सिंह सहित अन्य अधिकाराी व शहर काजी खलिकउर्रहमान, सुरेंद्रसिंह अरोरा, विनीत गिरी महाराज, बोहरा समाज के आमिल साहब व कैथोलिक ईसाई समाज के बिशप सेबेस्टियन वड्डेकल शामिल थे।

50 साल से अधिक के लोगों को टीका

फेज-1 में प्रथम भाग में हैल्थ केयर वर्कर्स को टीका लगाया जायेगा। इसमें शासकीय एवं निजी चिकित्साकर्मी व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शामिल हैं। जिले में इनकी कुल संख्या 12 हजार 411 चिन्हित की गई है। फेज-1 के द्वितीय भाग में फ्रंटलाइन वर्कर तथा तृतीय भाग में 50 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति अथवा 50 वर्ष से पहले के ऐसे लोग जो गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं, का टीकाकरण होगा। तीनों भाग मिलाकर उज्जैन जिले में लगभग तीन से चार लाख लोगों का फेज-1 में टीकाकरण किया जायेगा।

प्रशिक्षण में डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि ने बताया

टीकाकरण की तैयारियों को लेकर बृहस्पति भवन में वेक्सीनेशन टीम का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर खंडेलवाल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. केसी परमार, विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ.सुधीर सोनी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।

बैठक में डब्यूोएचओ के डॉ.सुधीर सोनी ने कोरोना टीकाकरण को लेकर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में टीकाकरण के लिये दो कंपनियों के टीके तैयार हैं। एक टीका सीरम इंस्टिट्यूट द्वारा बनाया गया है तथा दूसरा भारत बायोटेक कंपनी द्वारा बनाया गया है। टीका व्यक्ति को दो बार लगेगा, पहली बार लगने के चार सप्ताह बाद दूसरी बार लगाना होगा। इसके लिये टीकाकरण टीम का गठन किया जायेगा।

इसमें एक सुरक्षाकर्मी की ड्यूटी लगाई जायेगी। समस्त कार्यवाही को कोविड पोर्टल के माध्यम से रजिस्टर किया जायेगा। टीकाकरण की माइक्रो प्लानिंग भी कोविड एप के माध्यम से होगी। वेक्सीनेशन के लिये प्रत्येक सेन्टर पर तीन कक्ष होना आवश्यक है। इसमें प्रथम कक्ष वेटिंग रूम, द्वितीय कक्ष में वेक्सीनेशन का कार्य एवं तृतीय में रेस्ट रूम बनाया जायेगा। टीकाकरण के लिये वेक्सीन की कोल्डचेन 2 से 8 डिग्री के मध्य मेंटेन करना होगा। उन्होंने कहा कि टीका लगने के बाद किसी भी तरह के साइड इफेक्ट नहीं होंगे।

विज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महाकाल मंदिर समिति गाइड सुविधा भी देगी

Thu Jan 14 , 2021
स्थानीय इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन मंगाये उज्जैन। महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति ने प्रशिक्षित गाइड की सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। ये गाइड महाकाल मन्दिर एवं मन्दिर परिसर स्थित अन्य मन्दिरों के धार्मिक, पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी […]

Breaking News