देवास में पुरानी रंजिश ने ली 19 वर्षीय युवक की जान, भवानी सागर क्षेत्र में खूनी संघर्ष के बाद दहशत

देवास, अग्निपथ। देवास के भवानी सागर क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते खूनी खेल खेला गया। मामूली विवाद से शुरू हुई बात इतनी बढ़ गई कि दो गुटों के बीच हुए संघर्ष में एक 19 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में युवक का एक साथी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस ने भारी बल तैनात किया है।

दोस्त के बचाव में गया था लडू, मिली मौत

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लडू उर्फ शुभम (19) पिता महेश नाथ के रूप में हुई है। शुभम गुरुवार रात अपने घर पर भोजन कर रहा था, तभी उसके मोबाइल पर दोस्त गौतम (23) का फोन आया। गौतम ने घबराते हुए बताया कि कुछ लोग उसे रास्ते में रोककर विवाद कर रहे हैं। दोस्ती का फर्ज निभाने और बीच-बचाव करने के लिए लडू रात करीब 1 बजे मौके पर पहुँचा। वहाँ पहुँचते ही पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दो आरोपियों ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।

सीने में लगी गोली, मौके पर तोड़ा दम

हमले के दौरान चली गोली सीधे लडू के सीने में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, उसके साथी गौतम के पैर में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों का मन इतने पर भी नहीं भरा, उन्होंने मौके पर खड़ी एक कार में जमकर तोड़फोड़ की और हथियारों से मारपीट भी की। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुँचे और दोनों को जिला अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने लडू को मृत घोषित कर दिया और गौतम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे इंदौर रेफर कर दिया।

वसूली और बाइक जलाने का आरोप

नहर दरवाजा थाना प्रभारी अमित सोलंकी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चला आ रहा था। लडू टेकरी क्षेत्र में नारियल-प्रसाद और फोटो की दुकान संचालित करता था। परिजनों का गंभीर आरोप है कि आरोपी लंबे समय से शुभम से अवैध वसूली (हफ्ता) की मांग कर रहे थे। कुछ समय पहले भी आरोपियों ने उसकी बाइक को आग के हवाले कर दिया था। हालांकि, पुलिस रिकॉर्ड यह भी बताते हैं कि मृतक और घायल पक्ष के खिलाफ भी पूर्व में कुछ आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं, जिससे यह मामला पूरी तरह से दो गुटों के बीच वर्चस्व और रंजिश का नजर आता है।

अस्पताल में भी मिली धमकी, सुरक्षा की मांग

वारदात के बाद भी आरोपियों के हौसले पस्त नहीं हुए। मृतक के भाई पीयूष ने पुलिस को बताया कि जब वे अस्पताल में थे, तब कुछ लोग वहाँ पहुँचे और सरेआम धमकी दी कि “एक को तो मार दिया है, अब दूसरे को भी देख लेंगे।” इस धमकी के बाद पीड़ित परिवार काफी डरा हुआ है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने अस्पताल और प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।

मुख्य आरोपी अस्पताल में भर्ती, पुलिस दे रही दबिश

थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी वरुण बाली सहित रितिक सिहोते, तुषार सिहोते, मोंटू सिहोते, राहुल शूटर और विपिन बाली के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। रोचक तथ्य यह है कि मुख्य आरोपी वरुण बाली भी शुक्रवार सुबह घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हुआ है, जिसे पुलिस निगरानी में ले लिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें इंदौर और आसपास के जिलों में दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी नामजद आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

Next Post

उज्जैन नगर निगम का हाई वोल्टेज ड्रामा: अधिनियम पास होने के बाद 'धारा-30' पर भिड़े पक्ष-विपक्ष

Fri Apr 17 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम मुख्यालय के सभाकक्ष में शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा के लिए आहूत विशेष सम्मेलन हंगामे की भेंट चढ़ गया। वैसे तो सदन में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए सभी पार्षद एकजुट नजर आ रहे थे, […]

Breaking News