धार, अग्निपथ। धार पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर नौगांव क्षेत्र के गढ़ी मोहल्ला स्थित एक किराए के मकान पर दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
किराए के मकान में चल रहा था अवैध कारोबार
पुलिस को सूचना मिली थी कि गढ़ी मोहल्ला स्थित एक मकान में अवैध शराब का बड़ा जखीरा छिपाकर रखा गया है। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध मकान पर ताला लटका मिला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मकान मालिक के पुत्रों को मौके पर बुलाया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह मकान माइकल उर्फ प्रकाश, पिता नंदकिशोर परमार को किराए पर दिया गया था। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने स्थानीय पंचों की उपस्थिति में मकान का ताला तोड़कर तलाशी ली।
विभिन्न ब्रांड्स की शराब जब्त
मकान के भीतर का नजारा देख पुलिस भी दंग रह गई। कमरे के अंदर विभिन्न नामी ब्रांड्स की अंग्रेजी और देशी शराब की पेटियों का अंबार लगा हुआ था। पुलिस ने मौके से कुल 80 हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की है। हालांकि, छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी माइकल उर्फ प्रकाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका और वह मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में थाना प्रभारी निरीक्षक हीरुसिंह रावत और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही। टीम में सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार, प्रधान आरक्षक हेमराज कटारे और सायबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक प्रशांत गुंजाल के साथ ही मुकेश डावर, तेजप्रकाश द्विवेदी और तरुण सिंह बैस शामिल थे। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
