शाजापुर, अग्निपथ। शादी की शहनाइयां खामोश हुए अभी कुछ ही महीने बीते थे कि एक नवविवाहिता की जिंदगी का दर्दनाक अंत हो गया। जिले के उकावता चौकी क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर में 21 वर्षीय सुहाना खान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार शाम महिला का शव किराए के मकान में फंदे से लटकता मिला। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का सनसनीखेज आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब जांच का जिम्मा एसडीओपी अजय मिश्रा को सौंपा गया है।
अस्पताल पहुंचने से पहले टूट चुकी थीं सांसें
पुलिस के अनुसार, रसूलपुर स्थित किराए के मकान में सुहाना का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही मृतका के पति डॉ. सावेज खान उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरुआती जांच शुरू कर दी है।
6 लाख की मांग, दामाद को दिया था प्लॉट और कैश
मंगलवार को जिला अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल द्वारा सुहाना के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका के पिता शादिक लाला और परिजनों का आरोप है कि शादी के करीब छह महीने बाद से ही सुहाना को रुपयों और दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था। ससुराल पक्ष लगातार 6 लाख रुपये की मांग कर रहा था।
पिता के मुताबिक, उन्होंने अपनी हैसियत के हिसाब से दामाद को करीब 2 लाख रुपये नकद दिए थे और शाजापुर में एक प्लॉट की व्यवस्था भी कर दी थी। इसके बावजूद उनकी बेटी को मौत के घाट उतार दिया गया।
कपड़े बदले मिले, परिजनों ने जताई हत्या की शंका
परिजनों का कहना है कि सुहाना ने मौत से बमुश्किल एक घंटे पहले अपने पिता से वीडियो कॉल पर बात की थी। वह पूरी तरह सामान्य थी और बिल्कुल भी परेशान नहीं लग रही थी। इसके तुरंत बाद उसकी मौत की खबर आ गई। जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि मृतका के कपड़े बदले हुए थे, जिसने उनकी शंका को और गहरा कर दिया है।
चौकी प्रभारी रमेश यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है। अब पूरे प्रकरण की विवेचना एसडीओपी अजय मिश्रा करेंगे और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

