सीएम की हेल्प लाइन पर ब्लैक मेलिंग का धंधा

Petlawad CM helpline Fraud aaroopi 060122

फर्जी नाम से शिकायत कर अवैध वसूली करने वाले तीन गिरफ्तार

पेटलावद, अग्निपथ। सीएम हेल्पलाइन में की गई शिकायत वापस लेने के लिए रुपयों की मांग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ पेटलावद थाने में केस दर्ज कर आरोपिोयं को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फर्जी नाम से शिकायत करने के बाद संबंधित अधिकारी-कर्मचारी को ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करते थे।

ग्राम पंचायत कचराखदान के रोजगार सहायक जितेन्द्र चौबे ने बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति रंजीत कुमार निवासी इंदौर के नाम से सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत कर उस शिकायत को बंद कराने हेतु 2 हजार 500 रुपए की मांग की गई। कायतकर्ता रंजीत कुमार को शिकायत का निराकरण करने के लिए झाबुआ बुलाने पर वह यहां न आते हुए इंदौर बुलाता था और शिकायत का निराकरण करने हेतु 2 हजार 500 रुपए की मांग की गई।

ऐसा रंजीत कुमार द्वारा ग्राम पंचायत कचराखदान, अलस्याखेडी, काजबी, गोदडिया, बेडदा, महुडीपाडा के सचिव के खिलाफ भी शिकायत कर रुपए की मांग की गई। इनके द्वारा एक ही मोबाइल से पेटलावद जनपद पंचायत की कुल 6 ग्राम पंचायतों में 9 अलग-अलग शिकायतें की गई थी। शिकायत को बंद कराने के लिए अमन वर्मा के बैंक खाते में रूपयों को ट्रांसफर करने हेतु कहा गया, जिस पर 2 हजार 500 रुपए ट्रांसफर भी किये गये।

उक्त शिकायत एसडीएम पेटलावद शिशिर गेमावत के संज्ञान में आते ही पेटलावद जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित व्यास से इसके संबंध में जांच कराई गई। जांच उपरांत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने पर ब्लैक मेलिंग कर अवैध वसुली करने, 2500 रुपए की मांग कर न देने पर धमकी देकर बदनाम करने पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध थाना पेटलावद में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। अपराध पंजीयन के उपरांत घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक झाबुआ आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

रंजीत के नाम से कई जिलों की शिकायतें दर्ज

  • सीएम हेल्पलाईन पोर्टल पर सुक्ष्मता से परीक्षण करने पर इनके द्वारा रंजीत कुमार के नाम से अलग – अलग जिलों में निम्न शिकायते किया जाना ज्ञात हुआ है –
    जिला         कुल शिकायतें
  • झाबुआ            21
  • अलीराजपुर     04
  • धार                 38
  • बड़वानी          04
  • देवास              07
  • खण्डवा           02
    कुल शिकायते        76

ऐसे हुआ खुलासा

प्रकरण में पुलिस टीम ने जानकारी जुटाई तो एक अहम जानकारी मिली कि जिस खाते में रूपये ट्रांसफर करने को कहा जाता था वह खाता अमन पिता रामगोपाल वर्मा निवासी जिला खरगोन का है। अमन भारत समाचार ग्लोबल इंडिया टीवी का कथित पत्रकार भी है। वह अपने दोस्त राहुल एवं मनीष के साथ मिलकर सीएम हेल्प लाइन पोर्टल पर शिकायतें कर ब्लैक मेलिंग कर पैसे एंठने का कार्य करता रहा है। जिस पर पुलिस टीम ने आरोपी अमन, राहुल एवं मनीष को उनके निवास स्थानों से गुरुवार को गिरफ्तार में लिया। आरोपियों को थाने लाकर सख्ती से पुछताछ करने पर इनके द्वारा रंजीत कुमार के नाम से एवं अन्य नामो से कई शिकायते की गई है। उक्त शिकायतों को बंद करवाने हेतु इनके द्वारा ब्लैक मेलिंग कर पैसों की मांग की जाती है।

आरोपी का खाता ब्लॉक किया

पेटलावद थाना क्षेत्र को छोडक़र अन्य थाना क्षेत्र में की गई शिकायतों के संबंध में जानकारी निकाली जा रही है। संबंधित अधिकारियों को इसके बारे में अवगत कराया जाकर आवेदन प्राप्त होने पर उचित वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। अन्य जिलो के अधिकारियों को भी इस गैंग के बारे में अवगत कराया जा रहा है। अमन वर्मा के आईडीएफसी फास्ट बैंक के खाता क्रं. 10061124851 को ब्लॉक कराया जा रहा है।

दो दिन की रिमांड पर

आरोपी अमन पिता रामगोपाल वर्मा (23 वर्ष), राहुल पिता दुर्गादास कुशवाह (31 वर्ष) दोनों निवासी मण्डलेश्वर जिला खरगोन व मनीष पिता मांगीलाल राठौर (21) वर्ष निवासी अटूटखास बड़ा टांडा, तहसील पुनासा जिला खंडवा को गिरफ्तार कर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा है।

इनका रहा योगदान

पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने में एसडीओपी पेटलावद सुश्री सोनु डावर, थाना प्रभारी पेटलावद संजय रावत, उपनिरीक्षक लोकेन्द्र चौधरी, सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र राजपूत, सउनि राधेश्याम, प्रधान आरक्षक पवन, आरक्षक जितेन्द्र का सराहनीय योगदान रहा है। उक्त पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक झाबुआ द्वारा पुरस्कृत करने की घोषणा की गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

केंद्रीय मंत्री ने मोदी के लिए महाकाल मंदिर में कराया महामृत्यंजय जाप

Fri Jan 7 , 2022
फग्गनसिंह कुलस्ते ने कहा- कांग्रेस का कृत्य शर्मसार करने वाला उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंदी मोदी के पंजाब दौरे में सुरक्षा चूक के बाद अब बीजेपी नेता उनकी सलामती और दीर्घायु के लिए देश भर के मंदिरो में महामृत्यंजय जाप करवा रहे हैं। शुक्रवार को केंद्रीय कोयला राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते महाकालेश्वर […]

Breaking News